जनाक्रोश के बावजूद जापान में रक्षा बिल पारित
टोक्यो : जापान की संसद के शक्तिशाली निचले सदन ने आज उन विवादित विधेयकों को पारित कर दिया जिन्हें विरोधियों ने 70 साल के शांतिवाद को कमजोर करने वाला और द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद पहली बार जापानी सैनिकों के विदेश में लड़ने का मार्ग प्रशस्त करने वाला बताया था।
विधेयकों के पारित होने को राष्ट्रवादी प्रधानमंत्री शिंजो आबे तथा अन्य दक्षिणपंथियों की जीत माना जा रहा है जिन्होंने जनाक्रोश को नजरअंदाज करते हुए यह कदम उठाया। प्रस्तावित कानून पर जनाक्रोश को प्रदर्शित करने वाले संसद में सभी विपक्षी दलों के बहिर्गमन के बाद प्रधानमंत्री शिंजो आबे का सत्तारूढ़ गठबंधन सदन में अकेला रह गया था।
मतदान के बाद आबे ने संवाददाताओं से बातचीत में चीन का परोक्ष रूप से हवाला देते हुए कहा, ‘जापान के आसपास सुरक्षा हालात काफी गंभीर है।’ उन्होंने कहा, ‘ये विधेयक जापान की जनता के जीवन की रक्षा और किसी भी युद्ध को रोकने के लिए जरूरी हैं।’ विधेयकों पर मतदान से एक दिन पहले संसद के बाहर आयोजित विरोध रैली में 60,000 लोगों ने भाग लिया था। (एजेंसियां)