संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत निकी हेली का इस्तीफा, इवांका ट्रम्प बन सकती हैं नई राजदूत
वॉशिंगटन : सयुंक्त राष्ट्र में अमरीकी राजदूत निकी हेली ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है। साउथ कैरोलाइना की पूर्व गवर्नर निकी हेली का इस्तीफा ट्रंप प्रशासन के लिए कोई चौंकाने वाली घटना के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए क्योंकि ट्रम्प और व्हाइट हाउस को नजदीक से देखने वाले जानकार इस बात को पहले से कहते आ रहे थे कि संयुक्त राष्ट्र में बेटी इवांका को अमेरिकी राजदूत बनाने के लिए ट्रम्प नई चाल चलने वाले हैं और अंतत: निकी हेली से इस्तीफा ले ही लिया गया।
हेली के इस्तीफे के बाद ट्रंप ने कहा कि अगर वंशवाद की शिकायत न हो, तो उनकी बेटी इवांका ट्रंप इस पद (यूएन में राजदूत) के लिए राइट चॉइस होंगी। व्हाइट हाउस के लॉन में संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा कि इसका वंशवाद से बिल्कुल भी लेना-देना नहीं है। लेकिन मैं आपको बताना चाहूंगा कि जो लोग भी इवांका को जानते हैं, उन्हें पता है कि वे इस पद के लिए सही उम्मीदवार होंगी। ट्रंप ने कहा, मैंने बहुत सारे नामों को सुना। इवांका का भी नाम सुना। इवांका का नाम कितना सही रहेगा? उन्होंने कहा, इवांका का नाम सही रहेगा, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि मैंने उन्हें चुना है। क्योंकि मुझे पर वंशवाद का आरोप लगाया जाएगा। लेकिन मुझे पूरा यकीन नहीं है कि दुनिया में कोई और भी इस पद के लिए सक्षम होगा।
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने निकी हेली का इस्तीफ़ा मंज़ूर कर लिया है। ट्रंप ने पत्रकारों को बताया कि हेली इस साल के आख़िर तक अपना पद छोड़ देंगी। राष्ट्रपति ट्रंप ने ये भी कहा है कि वो निकी हेली के साथ एक बार फिर काम करना चाहेंगे और निकी अपने लिए पसंदीदा काम भी चुन सकती हैं। ट्रंप प्रशासन ने हेली को साल 2017 के जनवरी महीने में सयुंक्त राष्ट्र संघ का राजदूत बनाया था। निकी हेली के इस्तीफे के साथ ही ट्रंप ने कहा है कि यूएन में निकी हेली की जगह लेने वाले व्यक्ति के नाम की घोषणा अगले दो से तीन हफ्तों में कर दी जाएगी।
साल 2020 में राष्ट्रपति पद की रेस में शामिल होने के सवाल पर निकी हेली ने कहा है कि वह 2020 में राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार नहीं होंगी और अगले चुनाव में भी वह ट्रंप के लिए ही प्रचार करेंगी। निकी हेली अमरीकी प्रशासन में अब तक सर्वोच्च पद पर पहुंची भारतीय मूल की पहली महिला हैं। अजीत सिंह रंधावा और राज कौर रंधावा की बेटी निकी हेली बचपन से ही अपने परिवार की कंपनी के लिए अकाउंटिंग का काम करती थीं। साल 2010 में निकी हेली ने अल्पसंख्यक समुदाय से आने वाली पहली गवर्नर, साउथ कैरोलाइना की पहली महिला गवर्नर और अमरीका की सबसे युवा गवर्नर बनने का रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद साल 2014 में उन्होंने एक बार फिर साउथ कैरोलाइना की गवर्नर बनने में सफलता पाई। (मीडिया रिपोर्ट्स)