पेंटागन के चीफ ऑफ स्टाफ केविन स्वीनी ने दिया इस्तीफा
वॉशिंगटन : अमेरिका के रक्षा विभाग- पेंटागन के चीफ ऑफ स्टाफ केविन स्वीनी ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। स्वीनी ने अपने बयान में कहा, पेंटागन में दो वर्ष तक काम करने के बाद मैंने फैसला किया है कि यह निजी सेक्टर में लौटने का वक्त है।
स्वीनी को रक्षा मंत्री रहे जेम्स मैटिस का करीबी माना जाता है। मैटिस ने ही स्वीनी को 2017 की शुरुआत में चीफ ऑफ स्टाफ नियुक्त किया था। स्वीनी 2014 में अमेरिकी नौसेना में रियर एडमिरल के पद से रिटायर हुए थे। मैटिस के इस्तीफे के बाद स्वीनी के इस्तीफे के कयास लगाए जा रहे थे।
अमेरिका में ट्रम्प प्रशासन से इस्तीफा देने वालों की झड़ी लग गई है। स्वीनी से पहले इस हफ्ते की शुरुआत में पेंटागन की प्रवक्ता डाना व्हाइट भी अपने इस्तीफे का ऐलान कर चुकी हैं। वहीं संयुक्त राष्ट्र (यूएन) में अमेरिका की राजदूत निक्की हेली ने अक्टूबर में अपना पद छोड़ने का ऐलान कर दिया था। व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ जॉन केली भी पद से हटाए जा चुके हैं। (एजेंसियां)