तेल पर टैक्स वृद्धि के खिलाफ फ्रांस में 'येलो वेस्ट' आंदोलन ने पकड़ी रफ्तार, मैक्रों की बढ़ी मुश्किलें
सत्ता विमर्श डेस्क
पेरिस : फ्रांस में येलो वेस्ट प्रदर्शन के दौरान दंगारोधी पुलिस से झड़प के बाद 1700 से अधिक लोग गिरफ्तार किए गए हैं। बढ़ती महंगाई और राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन के चौथे सप्ताहांत को मार्सिले, बोर्डोक्स और टौलाउज समेत कई शहरों में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच भीषण झड़पें हुईं। गृह मंत्रालय की मानें तो अब तक 1700 से अधिक लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
क्या है 'येलो वेस्ट' आंदोलन
सोशल मीडिया पर 'येलो वेस्ट' नामक आंदोलन तेल पर बढ़ते करों के खिलाफ विरोध के तौर पर शुरू हुआ है। प्रदर्शनकारियों द्वारा पीली जैकेट पहनने के कारण इस आंदोलन का नाम 'यलो वेस्ट' पड़ा है। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कई लोग मैक्रों के इस्तीफे के साथ पेंशन और शिक्षा पर सरकारी खर्च में वृद्धि, करों में कमी, बुनियादी ढांचे में सुधार, अप्रवासन में कटौती और सार्वजनिक सेवाओं के निजीकरण को समाप्त करने की मांग कर रहे हैं। 2008 के बाद से फ्रांस सरकार ने वाहन चालकों के लिए पीले रंग की जैकेट पहनना अनिवार्य कर दिया है ताकि रात के वक्त वह दूर से दिखाई दें और सड़क दुर्घटना न हों।
इससे पहले गृह मंत्री क्रिस्टोफ कास्टानेर ने शनिवार शाम बताया था कि विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने 1385 लोगों को गिरफ्तार किया है जिनमें से 920 लोग पेरिस से गिरफ्तार किए गए हैं। शनिवार को प्रदर्शन में करीब 136,000 लोगों ने हिस्सा लिया। राजधानी पेरिस में करीब 10,000 लोग प्रदर्शनों में शामिल हुए। कास्टानेर, ने चेतावनी दी है कि पेरिस और कुछ अन्य शहरों में हिंसा जारी है इसलिए और लोगों को गिरफ्तार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि 118 प्रदर्शनकारी और 17 पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं।
फ्रांसीसी अधिकारियों ने 89,000 पुलिस और सशस्त्र जवान तैनात किए हैं। वहीं, पिछले सप्ताह पुलिस बल की संख्या 65,000 थी। 8,000 पुलिस बल केवल राजधानी में तैनात किए गए हैं। पुलिस बल को किसी भी हिंसक स्थिति को रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही पानी की बौछारें, आंसू गैस के गोले और एक दर्जन बख्तरबंद कारों का इस्तेमाल किया गया है।