आप की महारैली में विपक्षी नेताओं ने एक सुर में कहा, मोदी हटाओ-देश बचाओ
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा जंतर-मंतर पर आयोजित एक रैली में विपक्षी नेताओं के एक विशाल समूह ने आगामी लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से बेदखल कर देश को बचाने का लोगों से आह्वान किया। इस प्रदर्शन को आम आदमी पार्टी ने तानाशाही हटाओ, लोकतंत्र बचाओ सत्याग्रह नाम दिया था। आप की महारैली में 15 पार्टी के नेता शामिल हुए जिनमें पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, माकपा के डी. राजा, तेलुगू देशम पार्टी सुप्रीमो और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, एनसीपी के शरद पवार, लोकतांत्रिक जनता दल के शरद यादव, नेशनल कॉन्फ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला, द्रमुक की कनिमोझी और समाजवादी पार्टी के राम गोपाल यादव प्रमुख रहे। दिल्ली में कांग्रेस-आप के बीच तनाव के बावजूद आप के निमंत्रण पर कांग्रेस की तरफ से आनंद शर्मा पहुंचे थे।
सीताराम येचुरी (माकपा)
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता सीताराम येचुरी ने कहा कि जनता और असली राष्ट्रवादियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती भारत को सुरक्षित व एक बेहतर स्थान बनाने की है और इसके लिए मोदी शासन को समाप्त करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, हम सभी को राष्ट्र को बचाना है और 'चौकीदार' को उसके पद से हटाना है। यह लड़ाई (लोकसभा चुनाव) मोदी और जनता के बीच की लड़ाई होगी। येचुरी ने महाभारत के किरदारों की तुलना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं से की। उन्होंने कहा, 100 कौरवों में से लोग केवल दुर्योधन व दुशासन को ही जानते हैं। इसी तरह भाजपा में से हम केवल नरेंद्र मोदी और अमित शाह को ही जानते हैं। आरएसएस पर तंज कसते हुए येचुरी ने कहा, वे महाभारत की राजनीति कर रहे हैं। भाजपा की राजनीति दुशासन की राजनीति है। राष्ट्र को बचाने के लिए इस महाभारत के शकुनी मामा को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए जो कि नागपुर में बैठे हैं। माकपा के राजा ने सत्ता में बैठी भाजपा को भारत व लोकतंत्र के लिए खतरा करार दिया। उन्होंने कहा, अगर आप राष्ट्र को बचाना चाहते हैं, तो आइए भाजपा को हटाने के लिए एक हो जाएं।
अरविंद केजरीवाल (आप)
नरेंद्र मोदी पर चौतरफा हमला करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोगों ने 12वीं कक्षा पास व्यक्ति को देश का प्रधानमंत्री बनाया है लेकिन उन्हें 2019 में अपनी गलती को दोहराना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी शिक्षित को ढूंढिए क्योंकि 12वीं कक्षा पास व्यक्ति को यह समझ नहीं होती कि वह अपने हस्ताक्षर कहां कर रहा है। आम आदमी पार्टी के संयोजक ने मोदी पर राफेल लड़ाकू विमान सौदे में भ्रष्टाचार में शामिल होने का भी आरोप लगाया। ममता बनर्जी, शरद पवार, चंद्रबाबू नायडू समेत तमाम विपक्षी नेताओं की मौजूदगी में आयोजित ‘तानाशाही हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ रैली में केजरीवाल ने कहा कि उनकी प्रदर्शन रैली मोदी सरकार को उखाड़ फेंकेगी। यह धरना उसी तरह से मोदी सरकार को उखाड़ फेंकेगा जैसे 14 अप्रैल 2011 को जंतर मंतर पर ऐतिहासिक भ्रष्टाचार रोधी आंदोलन के बाद देश से तत्कालीन (कांग्रेस नीत संप्रग) सरकार को हटाया था।
कोलकाता पुलिस आयुक्त से पूछताछ की सीबीआई की कोशिश के मुद्दे से जिस तरह से तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनर्जी निपटीं उसकी केजरीवाल ने तारीफ की और कहा कि यह पश्चिम बंगाल की निर्वाचित सरकार पर मोदी का हमला था। उन्होंने कहा, पश्चिम बंगाल में एक निर्वाचित सरकार है। यह मोदी की बपौती नहीं है। अगर आयुक्त को गिरफ्तार कर लिया जाता तो पूरे देश में संदेश जाता है कि सबको मोदी सरकार से डरने की जरूरत है न कि राज्य सरकार से। प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि वह आंबेडकर के संविधान की धज्जियां उड़ा रहे हैं जो देश को संघीय ढांचा प्रदान करता है। उन्होंने मोदी सरकार पर अर्द्धसैनिक बलों की मदद से दिल्ली सरकार से भ्रष्टाचार रोधी शाखा (एसीबी) को छीनने का आरोप लगाया, जिसने देश के कई हाई प्रोफाइल लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए थे। मैं प्रधानमंत्री को बताना चाहता हूं कि दिल्ली देश की राजधानी है और वह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नहीं हैं। दिल्ली और कांग्रेस पर हमला करने का सपना सिर्फ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री देखते हैं। केजरीवाल ने कहा, अगर पाकिस्तान का प्रधानमंत्री एसीबी की इमारत पर कब्जा करता तो हम उन्हें दिखाते कि हमारे शरीर में गर्म खून दौड़ रहा है, लेकिन भारत का प्रधानमंत्री होने के नाते हम आपका सम्मान करते हैं। उन्होंने मोदी और भाजपा प्रमुख अमित शाह पर बीते पांच साल में देश की सद्भावना को बिगाड़ने का भी आरोप लगाया।
फारूक अब्दुल्ला (नेशनल कांफ्रेंस)
दक्षिणपंथियों पर हमला करते हुए नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला ने पूछा कि क्या भगवान राम केवल हिन्दुओं के भगवान हैं। फारूक ने इस बात पर बल दिया कि सभी धर्म के लोगों को देश में सम्मान के साथ जीने का समान अधिकार है। अब्दुल्ला ने आप द्वारा आयोजित विपक्ष की महारैली में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को आगामी लोकसभा चुनाव में शिकस्त दी जानी चाहिए क्योंकि वे लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों के लिए खतरा' हैं। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, जब तक हमारे अपने दिल साफ नहीं होते हम उन्हें आसानी से नहीं हटा सकते। अगर मुल्क को बचाना चाहते है तो हमें पहले कुर्बानी देनी की जरूरत है और ऐसा देश के लिए करो न कि कुर्सी के लिए। अब्दुल्ला ने कहा, आज हम धार्मिक आधार पर हिंदुओं और मुसलमानों के तौर पर बंटे हुए हैं। मैं हिन्दुओं से पूछना चाहता हूं कि क्या राम सिर्फ आपके राम हैं? यह पवित्र ग्रंथों में लिखा है कि राम पूरी दुनिया के भगवान हैं। वह सबके भगवान हैं। हमें अपनी लड़ाई भूलने की जरूरत है। उन्होंने अफसोस जताया कि मुस्लिम समुदाय के लोगों को बताया जा रहा है कि क्या नहीं करना है या कहां नहीं जाना है और पूछा कि क्या यह देश उनके आकाओं का देश है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि इस देश में सभी धर्म के लोगों को जीने का समान अधिकार देता है। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई - हम सभी भाई हैं भारत हर भारतीय के लिए है।
शत्रुघ्न सिन्हा (भाजपा)
भाजपा के असंतुष्ट सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने भी एनडीए नीत सरकार पर जमकर हमला बोला और राफेल सौदे पर मोदी की चुप्पी पर सवाल किया। उन्होंने कहा, वह देश को क्यों जवाब नहीं दे सकते हैं, क्या उनका 56 इंच का सीना सिकुड़कर छह इंच का हो जाएगा? बिहारी बाबू ने कहा कि जब हम राजनीति की बात करते हैं तो मैं ऐसा मानता हूं कि व्यक्ति से बड़ा दल होता है और दल से बड़ा देश से होता है। देश से बड़ा कुछ भी नहीं होता। इसलिए मैंने देशहित में जो कुछ किया जा सकता है करने का फैसला लिया है। मोदी सरकार ने जो वादे 2014 में देश की जनता से किए थे अगर वो पूरे होते तो मैं जरूर सरकार के साथ होता। चूंकि उन्होंने कोई वादा पूरा नहीं किया लिहाजा मुझे इस सरकार को देश से हटाने पूरा-पूरा अधिकार है और मैं वही कर रहा हूं दलगत राजनीति से ऊपर उठकर।
ममता बनर्जी (तृणमूल कांग्रेस)
तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि मोदी जी आपने सिर्फ दंगे की राजनीति की है। आपने लोगों का खून पिया है। जिसके चेहरे पर खून है, जिसने लोगों का खून पीया है, वह देश पर राज कर रहा है। सीबीआई मामले पर ममता बनर्जी ने कहा कि मुझे पता है कि इसके बाद मेरे घर पर सीबीआई वाले आएंगे। मैं उन्हें बताना चाहती हूं कि मेरे घर आने से पहले बता देना ताकि मैं खाना बनाकर रखूंगी। ममता बनर्जी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर वह कांग्रेस और लेफ्ट के साथ मिलकर लड़ेंगी। ममता ने सार्वजनिक मंच से कहा कि भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस और लेफ्ट के साथ कंधे से कंधे मिलाकर लड़ेंगी। हम राज्य में भले ही अकेले लड़ेंगे, मगर राष्ट्रीय स्तर पर मिलकर लड़ेंगे। ममता ने कहा- हम अपने साथी दलों से कहना चाहते हैं जो दल जिस राज्य में मजबूत है वह भाजपा से मजबूती से चुनाव लड़े।