मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद और ज्यादा मजबूत हुई भाजपा : शाह
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को कहा कि 2014 के लोकसभा चुनावों में जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह से काम किया है और उससे लोगों को जिस तरह से फायदा हुआ है, उससे पार्टी और ज्यादा मजबूत हुई है। शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से पार्टी को और मजबूत बनाने की अपील की।
भाजपा के नए मुख्यालय के उद्घाटन अवसर पर एकत्र कार्यकर्ताओं को अपने संबोधन में शाह ने कहा कि अगले एक साल में 695 जिलों में से 635 में पार्टी कार्यालय होंगे। शाह ने कहा, लोगों ने 2014 में पूर्ण बहुमत की सरकार का चुनाव कर मोदी जी में अपना भरोसा जताया। उसके बाद से मोदी जी ने जिस तरह से देश चलाया है और जिस तरह से सरकार लोगों तक पहुंची है, उससे पार्टी बहुत मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का संदेश लोगों तक पहुंचाने के लिए पार्टी संगठन ने कड़ी मेहनत की है। मोदीजी की जो लोकप्रियता है, मोदी जी के लिए लोगों के मन में जो भाव है उसे अस्तित्व देने का काम पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किया है। इसी के कारण आज 19 राज्यों में हमारे मुख्यमंत्री हैं।
उन्होंने कहा, हमें आगे देखने की जरूरत है। मोदी जी ने नए भारत का आह्वान किया है। राजनीतिक पार्टियां चुनाव जीतने व सरकार बनाने के लिए मैदान में हो सकती है, लेकिन भाजपा महज चुनाव जीतने तक सीमित नहीं है। प्रधानमंत्री ने हमारे सामने नए भारत का लक्ष्य निर्धारित किया है। मेरा मानना है कि सभा पार्टी कार्यकर्ता इस दिशा में काम करेंगे। भाजपा प्रमुख ने कहा कि साल भर में सभी जिला मुख्यालयों का निर्माण किया जाएगा और इन्हें केंद्रीय कार्यालय से जोड़ा जाएगा।