अशोक गहलोत ने ली जनार्दन द्विवेदी की जगह, बने संगठन महासचिव
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी में अब तक का सबसे बड़ा बदलाव करते हुए राहुल गांधी ने राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पार्टी का संगठन महासचिव बनाया है। गहलोत जनार्दन द्विवेदी की जगह लेंगे। इससे पहले कांग्रेस ने गहलोत से गुजरात प्रभारी की जिम्मेदारी वापस ले ली थी और उनकी जगह राजीव सातव को प्रभारी बनाया गया।
राजस्थान के दो बार मुख्यमंत्री रह चुके अशोक गहलोत का पार्टी में कद बढ़ाए जाने के पीछे गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के अच्छे प्रदर्शन को माना जा रहा है, क्योंकि चुनाव के दौरान वह पार्टी के गुजरात प्रभारी थे। इसके अलावा राहुल गांधी ने लालजी देसाई को अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल का मुख्य आयोजक नियुक्त किया है। वह महेंद्र जोशी की जगह लेंगे।
अशोक गहलोत 1998 से 2003 और फिर 2008 से 2013 तक राजस्थान के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। जोधपुर के रहने वाले गहलोत की गिनती कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में होती है। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कुछ दिनों पहले हुए पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में कहा था कि वह पार्टी में युवाओं को अहमियत देंगे और साथ में बुजुर्ग नेताओं के अनुभव का भी फायदा उठाएंगे।