PM मोदी ने कांग्रेस और राहुल को किया आगाह; जितना कीचड़ उछालोगे, उतना ही खिलेगा कमल
सत्ता विमर्श ब्यूरो
भोपाल : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित कार्यकर्ता महाकुंभ कार्यक्रम में लाखों कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने उनके खिलाफ हरेक गाली का इस्तेमाल किया, लेकिन वो भूल रहे हैं कि जितना कीचड़ उछालोगे, उतना ही देश में कमल खिलेगा। पीएम मोदी ने कहा कि अब देश के बाहर यह तय किया जा रहा है कि भारत का प्रधानमंत्री कौन होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए बिगुल फूंकते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला। मोदी ने अपने भाषण को कांग्रेस और राहुल गांधी के ऊपर ही फोकस रखा। पीएम ने कहा कि 125 साल पुरानी पार्टी कांग्रेस को आज सूक्ष्मदर्शी यंत्र से खोजना पड़ रहा है। जो पार्टी सवा सौ साल से भी पुरानी हो, जिस पार्टी के अनेकों भूतपूर्व राज्यपाल हो, फिर ऐसा क्या हुआ? इतनी बड़ी पार्टी को सूक्ष्मदर्शी यंत्र लेकर निकलना पड़ता है कि देश में कहीं बचै है कि नहीं और इतनी पराजय के बाद भी कांग्रेस सुधरने को तैयार नहीं है।'
दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक समागम!
भाजपा ने दावा किया है कि यह दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक समागम है जिसमें 12 लाख कार्यकर्ता जुटे हैं। इस कार्यक्रम में 100 करोड़ रुपये के खर्च का अनुमान जताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से तंबू आदि की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में इतने बड़े पैमाने पर कार्यकर्ताओं को जुटाने की कोशिश के तहत भोपाल के सबसे बड़े मैदान जंबूरी में इसका आयोजन किया गया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पराजय के भय से गठबंधन करने पर आ गयी है। सत्ता के नशे में छोटी-छोटी पार्टियों को कुचल देनी वाली कांग्रेस आज उन्हीं छोटे दलों के पैरों में पड़ी है। सवा सौ साल पुरानी पार्टी अब छोटे-छोटे दलों के सर्टिफिकेट लेने के लिए भटक रही है। इसके पीछे उसका अहंकार है। कांग्रेस ने कभी मध्य प्रदेश का भला नहीं चाहा। यूपीए के शासन काल के दौरान भाजपा शासित राज्यों के विकास में रोड़ा डाला गया। वे समाज को तोड़ने के मुद्दे पर जाना चाहते हैं लेकिन हम विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे। हमारा नारा है संगठन में शक्ति है। चुनाव जीतने का हमारा मंत्र साफ है। हम धनबल नहीं जनबल पर चुनाव लड़ेंगे। हमारा नारा होगा मेरा बूथ, सबसे मजबूत।'
प्रधानमंत्री ने कहा, कांग्रेस पार्टी के पास आज समर्पित लोग ही नहीं हैं। केंद्र सरकार तीन तलाक पर अध्यादेश लेकर आई है लेकिन वोट बैंक की राजनीति के कारण मुस्लिम महिलाओं की चिंता कांग्रेस को नहीं हो रही है जिसकी एक महिला नेता हैं। उन्होंने कहा, कांग्रेस पार्टी हिन्दुस्तान में गठबंधन करने में सफल नहीं हो रही है तो वह भारत के बाहर गठबंधन खोज रही है। कांग्रेस पार्टी ने सत्ता खोने के बाद अपना संतुलन भी खो दिया है। कांग्रेस पार्टी देश के ऊपर अब बोझ बन गयी है।
दरअसल मोदी पाकिस्तान के मंत्रियों के उस ट्वीट के संदर्भ में अपनी बात रख रहे थे जिनमें राफेल डील में हुए कथित घोटाले के राहुल गांधी के आरोपों को कोट किया गया था। पीएम ने कहा, हम समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रहे हैं। वोट बैंक की राजनीति के दीमक से देश को मुक्त करवाना भाजपा की जिम्मेदारी है, इससे देश का काफी नुकसान हुआ है। वोट बैंक की राजनीति ने समाज के तान-बाने को नुकसान पहुंचाया। अगड़े और पिछड़े का भेद काम नहीं करेगा। हमारे लिए दल से बड़ा देश है।
प्रधानमंत्री ने कहा, कांग्रेस पार्टी ने 2001 से मेरे खिलाफ हरेक गाली का इस्तेमाल किया है लेकिन उन्हें याद रखना होगा कि जितना कीचड़ उन्होंने उछाला है, उतना कमल खिला है। हर कोना, हर बूथ और हर घर में कमल खिलेगा। पीएम मोदी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की प्रशंसा करते हुए कहा कि अमित शाह जैसा अध्यक्ष होना चाहिए जिनके नेतृत्व में 19 राज्यों में पार्टी की सरकार बनी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हम एकात्म मानववाद की राह पर चलते हैं। सबसे बड़ी पार्टी होना गर्व की बात है। महापुरुषों का हम पर कर्ज है। देश तीन महापुरुषों को भूल नहीं सकता है। ये हैं महात्मा गांधी, राम मनोहर लोहिया और पंडित दीन दयाल उपाध्याय। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास हमारा नारा है।