राहुल-सोनिया के इशारे पर घोटाले : रामदेव
सत्ता विमर्श ब्यूरो
जबलपुर : मध्यप्रदेश के दौरे पर आए योग गुरु बाबा रामदेव ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर शुक्रवार को तीखे वार किए। बाबा रामदेव ने कहा कि सोनिया गांधी प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को बलि को बकरा बनाकर अपना दामन बचा रही है। क्योकि आज तक मनमोहन सिंह ने अपनी समझ से कोई काम नहीं किया है। वे सोनिया-राहुल के हाथों की कठपुतली रहे हैं।
योग शिविर कार्यक्रम के लिए नगर प्रवास पर आए बाबा रामदेव ने पत्रकारों से कहा कि कोलगेट से लेकर सभी घोटाले सोनिया गांधी के इशारे पर हो रहे हैं। देश के विकास का क्रेडिट तो सोनिया, राहुल ले जाते हैं, लेकिन घोटाला हुआ तो मनमोहन सिंह या अन्य मंत्री को दोष ठहरा देते हैं। यह सच्चाई देशवासियों को समझना चाहिए कि मनमोहन सिंह ने घोटाले नहीं किए बल्कि उनसे करवाए गए हैं।
रामदेव ने कांग्रेसियों को बेशर्म बताते हुए आगे कहा कि वे हिंदुस्तान को बेचकर वोट मांग रहे हैं। 2013-14 परिवर्तन का साल है, भ्रष्टाचार के राक्षसों से देश को बचाने वोट जरूर करना। इस दौरान रामदेव ने गलत आचरण करने वाले संतों का भी बहिष्कार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि संतों को अपनी शुचिता बनाए रखनी चाहिए। संत समाज को खराब करने वालों को सजा मिलनी चाहिए।