प्रियंका का मोदी पर पलटवार; बोलीं-विकास के लिए यूपी को नहीं चाहिए दत्तक बेटा
सत्ता विमर्श ब्यूरो
रायबरेली (उत्तर प्रदेश) : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को अपने विकास के लिए किसी गोद लिए बेटे की जरूरत नहीं है। उत्तर प्रदेश के लोग उन्हें वोट नहीं देंगे जो झूठे वादे करते हैं।
उत्तर प्रदेश में अपनी पहली चुनावी सभा में प्रियंका ने कहा, मोदी कहते हैं कि उत्तर प्रदेश ने बतौर पुत्र उन्हें गोद लिया है। क्या उत्तर प्रदेश को अपने विकास के लिए किसी बाहरी को गोद लेने की जरूरत है? उत्तर प्रदेश को अपनी बेहतरी के लिए दत्तक पुत्र नहीं चाहिए। राहुल गांधी (कांग्रेस उपाध्यक्ष) और अखिलेश जी (उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री) उत्तर प्रदेश के दो बेटे हैं।
मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को प्रदेश की एक जनसभा में खुद को उत्तर प्रदेश का दत्तक पुत्र बताया था और कहा था कि वह प्रदेश के लोगों का साथ नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने पिता मुलायम सिंह यादव से विवाद के लिए अखिलेश यादव को भी निशाने पर लिया था।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार में अपनी पहली जनसभा में प्रियंका ने कहा, मोदी जी खुद को उत्तर प्रदेश का गोद लिया हुआ बेटा बताते हैं। मैं पूछती हूं कि क्या इस प्रदेश को बाहर से किसी को गोद लेने की जरूरत है, क्या यहां नौजवान नहीं हैं। राहुल जी और अखिलेश जी के दिल में, उनकी जान में उत्तर प्रदेश है।
उन्होंने कहा, 'उत्तर प्रदेश को किसी बाहरी नेता की जरूरत नहीं है। उत्तर प्रदेश को किसी बाहरी को गोद लेने की जरूरत नहीं है। यहां का एक-एक नौजवान नेता बन सकता है। यहां का एक-एक नौजवान इस प्रदेश का नया निर्माण कर सकता, नया विकास कर सकता है। यही अखिलेश जी, राहुल की और हम सबकी आशा है कि आज इस प्रदेश में एक नया दौर आए। सब मिलकर काम करें। गठबंधन को आगे बढ़ाएं और जिताएं ताकि ये सब खोखली बातें खत्म हो जाएं।'
बछरावां विधानसभा क्षेत्र के महराजगंज कस्बे के बबुरिहा में आयोजित एक जनसभा में प्रियंका ने दावा किया कि सपा-कांग्रेस गठबंधन प्रदेश में विधानसभा की 300 सीटें जीत रहा है। प्रियंका ने कहा, मैं औरत हूं और इस देश की करोड़ों महिलाओं की तरफ से कहना चाहती हूं कि हमने हमेशा जोड़ने की कोशिश की है। हमारी बेटियों, महिलाओं पर किसने अत्याचार किये हैं, नोटबंदी करके आपकी बचत को किसने खत्म किया। मैं सिर्फ यह कहना चाहती हूं कि हमने अब बहुत से कोरे वादे सुन लिये।
प्रियंका ने कहा, नरेंद्र मोदी तीन साल से प्रधानमंत्री हैं, वाराणसी की जनता से पूछिये कि उन्होंने उसके लिए क्या किया। अमेठी की जनता से पूछिये कि राजीव गांधी जब प्रधानमंत्री थे तो उन्होंने जो तय किया, वह किया। प्रियंका ने कहा, जो आपके लिये काम करना चाहता है, उसको पहचानिए। इस गठबंधन को मजबूत बनाइये, ताकि आगे बढ़कर यह प्रदेश मजबूत बने और इसका विकास हो।