शाह की 'ड्रीम टीम' में नहीं मिली वरुण को जगह
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली: भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष ने शनिवार को अपनी 'ड्रीम टीम' का ऐलान कर दिया। इसमें वरुण गांधी का नाम नहीं है। शाह का यह फैसला वरुण और उन्हें उत्तर प्रदेश का सीएम बनाने का ख्वाब पालने वाली मां और केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी के लिए अप्रत्याशित है। इससे पहले वरुण महासचिव पद पर थे। इस फायरब्राण्ड और विवादों में रहने वाले युवा नेता को भले ही तरजीह नहीं दी गई है लेकिन हाल में राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ से भाजपा में आए राम माधव को महासचिव और पश्चिम उत्तर प्रदेश में क्षेत्र प्रचारक रहे शिव प्रकाश को सह-संगठन महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। रामलाल को संगठन महासचिव के पद पर बरकार रखा गया है।
अमित शाह के नए अध्यक्ष बनने और पार्टी के कई पदाधिकारियों के मंत्री बनने की वजह से पार्टी संगठन में बदलाव जरूरी हो गया था। शाह की टीम में ज्यादातर नाम पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह की टीम से ही हैं। उपाध्यक्षों में बंडारू दत्तात्रेय, बी. एस. येदियुरप्पा, सत्यपाल मलिक, मुख्तार अब्बास नकवी, विनय सहस्रबुद्धे, पुरुषोत्तम रुपाला, प्रभात झा, रघुवर दास, किरन माहेश्वरी, रेणु देवी और दिनेश शर्मा शामिल हैं।
जगत प्रकाश नड्डा, राजीव प्रताप रूडी, मुरलीधर राव और रामलाल महासचिव के रूप में बरकरार रखे गए हैं। अनंत कुमार, थावरचंद गहलोत और धर्मेंद्र प्रधान मंत्री बन गए हैं, लिहाजा अब इन तीनों को महासचिव के दायित्व से मुक्त कर दिया गया है। हालांकि, पुरानी टीम से वरुण गांधी का नाम इस लिस्ट में नहीं होना चौंकाने वाला है। अपेक्षा के अनुरूप राम माधव महासचिव बनाए गए हैं। इसके अलावा नए महासचिवों में पार्टी की महिला मोर्चा की अध्यक्ष सरोज पांडे, भूपेंद्र यादव, राम शंकर कठेरिया शामिल हैं। दो महासचिवों के नामों की घोषणा अभी नहीं की गई है।
संगठन महासचिव रामलाल की मदद के लिए इस बार चार सह-संगठन महासचिव बनाए गए हैं। वी. सतीश और सौदान सिंह के अलावा शिव प्रकाश और बी. एल. संतोष को भी यह जिम्मेदारी दी गई है। श्याम जाजू, अनिल जैन, एच. राजा, रोमेन डेका, सुधा यादव, पूनम महाजन, रामविचार नेताम, अरुण सिंह, सिद्धार्थ नाथ सिंह, सरदार आर. पी. सिंह, श्रीकांत शर्मा, ज्योति धुर्वे, तरुण चुग और रजनीश कुमार सचिव बनाए गए हैं।
रामेश्वर चौरसिया, राजनाथ की टीम में सचिव थे और यूपी के सहप्रभारी होने के नाते उन्हें प्रमोट किए जाने की संभावना जताई जा रही थी। उनका नाम अमित शाह की टीम से ही गायब है।
पार्टी ने प्रवक्ताओं की संख्या भी बढ़ाकर 10 कर दी है। शाहनवाज हुसैन, सुधांशु त्रिवेदी, मिनाक्षी लेखी, एम. जे. अकबर, विजय सोनकर शास्त्री, ललिता कुमार मंगलम, नलिन कोहली, संबित पात्रा, अनिल बलूनी, जीवीएल नरसिम्हा राव मीडिया में पार्टी का पक्ष रखेंगे। मोर्चा अध्यक्षों में अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष डॉ संजय पासवान की छुट्टी हो गई है और उनकी जगह दुष्यंत कुमार गौतम को यह जिम्मेदारी दी गई है।
सरोज पांडे को महासचिव बनाए जाने के बाद महाराष्ट्र की विजया रहतर को महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। फग्गन सिंह कुलस्ते को अनुसूचित जनजाति मोर्चा और अब्दुल राशिद अंसारी को अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। अनुराग ठाकुर युवा मोर्च के अध्यक्ष बरकरार रखे गए हैं।