RSS के कार्यक्रम में बोले योगी- महाराणा प्रताप महान थे अकबर नहीं
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली: अकबर को महान बताने वाले तथ्यों को नकारते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने संघ के कार्यक्रम में मेवाड़ की शान महारणा प्रताप को महान बताया है। उन्होंने कहा है कि महाराणा ने उस वक्त की सबसे बड़ी सैन्य ताकत के सामने जिस शौर्य और पराक्रम का परिचय दिया था, उसका उदाहरण विरले ही मिलता है। महाराणा ने एक 'तुर्क को विश्वास लायक नहीं' माना था। मुख्यमंत्री महाराणा प्रताप की जयन्ती पर गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा ‘हल्दीघाटी के युद्ध में कौन जीता, कौन हारा यह महत्वपूर्ण नहीं है। महत्वपूर्ण यह है कि अपनी सेना के साथ उस समय की सबसे बड़ी ताकत के सामने जूझते हुए महाराणा प्रताप ने जिस शौर्य और पराक्रम का परिचय दिया था, इतिहास में इस प्रकार के उदाहरण विरले ही मिलते हैं।’
उन्होंने कहा, ‘यही नहीं, वह लड़ाई एक दिन की नहीं थी। वह युद्ध कई वर्षों तक अरावली की पहाड़ियों में लड़ा गया और अंततः अपने सभी दुर्ग और किलों को वापस जीत करके महाराणा प्रताप ने यह बात साबित की थी कि महान अकबर नहीं, बल्कि महान राणा प्रताप ही हैं, जिन्होंने अपने शौर्य और पराक्रम के बल पर उस कालखण्ड में भी भारत के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा की थी।’ योगी ने महाराणा की कही को याद दिलाया। जय श्री राम के उद्घोष के बीच योगी ने बताया कि राणा ने कहा था- मैं अकबर को अपना बादशाह नहीं मानता।।।वो तुर्क है और वही रहेगा।।।दोस्ती की आड़ में वो हमारे आत्म सम्मान को चोट पहुंचायेगा।।।हम एक विधर्मी और विदेशी को अपना राजा नहीं मान सकते।
योगी ने कहा, ‘जरा सोचिये अगर महाराणा प्रताप ने अकबर की अधीनता स्वीकार कर ली होती तो क्या आज हम मेवाड़ के उस राजवंश को राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रतीक के रूप में इस तरह का सम्मान देते। वही बात आज के परिप्रेक्ष्य में हम सब पर भी लागू होती है। जब हम अपने उस तनिक से स्वार्थ के लिये अपने समाज, अपने धर्म, अपनी संस्कृति और अपने राष्ट्र के साथ कभी-कभी इस प्रकार की छेड़छाड़ करने लगते हैं, जिससे अपूरणीय क्षति की सम्भावना बनी रहती है।’ मुख्यमंत्री ने इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पत्रिका ‘अवध प्रहरी’ के विशेषांक का विमोचन भी किया।