तीन भारतीयों को मिला ऑस्ट्रेलिया-डे ऑनर
मेलबर्न : ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल के तीन लोगों को देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान ऑस्ट्रेलिया-डे ऑनर्स से सम्मानित किया गया है। ऑस्ट्रेलियाई समाज में असाधारण योगदान देने के लिए इन्हें ये सम्मान मिला है। सम्मान पाने वालों में सदानंदन नांबियार, राधे श्याम गुप्ता और प्रतीश चंद्र बंदोपाध्याय शामिल हैं। इस सम्मान की घोषणा ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय दिवस 26 जनवरी को की गई थी। नांबियार को ऑफिसर ऑफ ऑर्डर ऑफ ऑस्ट्रेलिया से सम्मानित किया गया। यह देश का दूसरा सबसे बड़ा अवॉर्ड है।
राधेश्याम गुप्ता को कला के लिए मेडल ऑफ द ऑर्डर ऑफ ऑस्ट्रेलिया से सम्मानित किया गया। इनके अलावा बंदोपाध्याय को कम्युनिटी सर्विस के लिए मेडल ऑफ द ऑर्डर ऑफ ऑस्ट्रेलिया से ही सम्मानित किया गया। इससे पहले भी ऑस्ट्रेलिया में एक सिख टैक्सी ड्राइवर को सम्मानित किया गया था। इस ड्राइवर को उसकी ईमानदारी के लिए मेलबर्न नगर परिषद ने सम्मानित किया था। लखविंदर सिंह ढिल्लन को अपनी टैक्सी में 110000 आस्ट्रेलियाई डॉलर मिले थे, जिसे उसने उसके मालिक को लौटा दिए थे। सिख ड्राइवर की यह इमानदारी ऑस्ट्रेलिया के अखबारों में भी छाई रही थी। (एजेंसियां)