वर्णिका के अपहरण की कोशिश में फंसे बराला, दोस्त संग गिरफ्तार
सत्ता विमर्श ब्यूरो
चंडीगढ़ : आईएएस अफसर की बेटी वर्णिका कुंडू के साथ छेड़खानी के आरोपी भाजपा नेता सुभाष बराला के बेटे विकास बराला और उसके दोस्त आशीष को चंडीगढ़ पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को पूछताछ के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने दोनों को सेक्टर-26 थाने बुलाया था। विकास बराला के खिलाफ दर्ज मामले में अपहरण की कोशिश की दो गैरजमानती धाराएं भी जोड़ी दी गई हैं, जिसके बाद यह गिरफ्तारी की गई है।
बता दें कि पुलिस ने इस मामले में घटना वाली रात के सीसीटीवी फुटेज बरामद किए थे, जिसमें विकास बराला वर्णिका का पीछा करते हुए नजर आया था। इससे पहले विकास के पिता और हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष सुभाष बराला ने मामले को लेकर बुधवार को पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान सुभाष बराला ने कहा कि उनका बेटा विकास पुलिस को जांच में पूरी तरह सहयोग करेगा और अगर वह जांच के दौरान दोषी भी पाया जाता है तो उस पर कानून कार्रवाई करेगा। हालांकि, प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच में ही सुभाष बराला को उनके बेटे का फोन आया और वह कॉन्फ्रेंस अधूरी छोड़ बीच में ही उठकर चल दिए।
इससे पहले मंगलवार को भी विकास के पिता सुभाष बराला मीडिया के सामने आए थे और अपने बेटे पर आरोप लगाने वाली लड़की वर्णिका कुंडू को बेटी जैसी बताया था। उन्होंने दावा किया था कि वह अपने बेटे को बचाने के लिए किसी तरह का दबाव नहीं बना रहे हैं। हरियाणा भाजपा के प्रमुख ने कहा कि कानून को अपना काम करना चाहिए। सुभाष बराला ने कहा, 'भाजपा महिलाओं के अधिकार और स्वतंत्रता की बात करने वाली पार्टी है। वर्णिका मेरी बेटी जैसी है। जांच को प्रभावित करने के लिए कोई दबाव नहीं डाला जा रहा है।'
बुधवार को बराला से पहले हरियाणा भाजपा के प्रवक्ता जवाहर यादव ने इस मामले में विपक्षी पार्टियों पर राजनीति का आरोप लगाया। यादव ने कहा कि पूरे मामले में पुलिस की अभी तक की कार्रवाई से पीड़ित पक्ष पूरी तरह संतुष्ट है। कहा जा रहा है कि भाजपा दबाव बना रही है, जबकि पुलिस पर भाजपा की तरफ से किसी तरह का दबाव नहीं बनाया जा रहा है। जवाहर यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ओम प्रकाश चौटाला पर आरोप लगाया गया तो क्या वह जेल के अंदर गए थे? कोर्ट के आदेश के बाद ही उनको सजा हुई।