कांग्रेस को भी है प्रियंका के दर्द का अहसास
प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा पति रॉबर्ट वाड्रा पर उठ रहे सवालों से दुखी होने का दावा करने के बाद कांग्रेस पार्टी भी उनके पीछे खड़ी होती नजर आ रही है। इस मामले में अब तक चुपी साधे रहने वाली पार्टी ने अब अपनी सारी ताकत वाड्रा को बचाने में झोंक दी है। इस मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा और नरेन्द्र भाई मोदी को भी निशाने पर लेना शुरू कर दिया है। पार्टी ने मोदी के आरोपों को तर्कहीन और घटिया करार दिया है। इससे पहले, रायबरेली में चुनाव प्रचार कर रहीं प्रियंका ने अपनी दादी इंदिरा गांधी का उदाहरण देकर अपने दुख और ताकत दोनों का जिक्र किया । इंदिरा कार्ड खेलते हुए प्रियंका ने कहा कि ‘मेरे परिवार को जलील किया जा रहा है।'
प्रियंका के लिए कांग्रेस में जगह नहीं: थरूर
प्रियंका गांधी वाड्रा के लिए फिलहाल कांग्रेस पार्टी में कोई वैकेंसी नहीं है, ऐसा केंद्रीय मंत्री शशि थरूर का कहना है। ये कहकर उन्होंने प्रियंका के पार्टी में किसी अहम भूमिका निभाने की अटकलों पर भी विराम लगा दिया है। हाल ही में प्रियंका गांधी के वाराणसी से नरेन्द्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने की खबरें आई थीं, जिन्हें खुद प्रियंका ने खारिज किया था। इस बारे में शशि थरूर ने कहा है कि सोनिया और राहुल गांधी के उच्च पदों पर रहते प्रियंका के लिए पार्टी में जगह नहीं है। हमारे पास अध्यक्ष भी हैं और उपाध्यक्ष भी हैं और दोनों अपना-अपना काम कर रहे हैं।
प्रियंका उतरीं मैदान में, आला नेता संग की बैठक
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने के सपने को पूरा करने के लिए बहन प्रियंका ने कमर कस ली है। प्रियंका गांधी ने मंगलवार को तुगलक लेन स्थित राहुल गांधी के घर में पार्टी नेताओं के साथ बैठक की। कहा जा रहा है कि यूपी में चुनाव प्रचार की कमान प्रियंका गांधी के हाथ में रहेगी। प्रियंका गांधी ने लगभग 5 मिनट तक नेताओं की बैठक ली।