ट्रम्प की पहली बीवी इवाना और तीसरी मेलेनिया में ठनी, दोनों बोलीं - मैं हूं फर्स्ट लेडी!
वॉशिंगटन: दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अपनी पहली और तीसरी बीवी की आपस की छींटाकशी के शिकार हो रहें हैं। इतना ही नहीं इस जुबानी जंग के छींटे दूसरी बीवी मार्ला पर भी पड़े हैं, तो भी अपना गुस्सा जाहिर करने से पीछे नहीं हटी हैं। पहली बीवी इवाना का कहना है कि वो ही फर्स्ट लेडी हैं। दरअसल, उन्होंने ये बातें अपनी किताब 'raising trump' के प्रचार के दौरान कही।
इवाना ने अमेरिकी चैनल एबीसी के एक शो गुड मॉर्निंग अमेरिका में अपने जज़्बातों को बयान किया। उन्होंने ये किताब ट्रम्प के तीन बच्चों की पेरेंटिंग को लेकर लिखी है। उन्होंने कहा- देखिए मैं ही हूं ट्रम्प की पहली पत्नी। मैं हूं फर्स्ट लेडी। अब उनके इसी बयान का जवाब व्हाइट हाऊस की फिलहाल फर्स्ट लेडी के तौर पर मान्यता प्राप्त मेलेनिया ट्रम्प की ओर से आया है। उनकी प्रवक्ता स्टेफनी ग्रिशम ने दिया है। उन्होंने इसे अपनी किताब के प्रमोशन का तरीका बताया है।
स्टेफनी ने इवाना को उनकी 'बेचारगी पर सांत्वना' दी और उनके कृत्य को attention seeking noise बताया। उन्होंने कहा कि मिसेज ट्रम्प (मेलेनिया) ने व्हाइट हाऊस को कुलीन और राष्ट्रपति के रहने लायक घर बनाया है। उन्हें वॉशिंगटन डीसी में बतौर यूनाइटेड स्टेट्स की फर्स्ट लेडी रहना पसंद हैं। उन्हें ट्रम्प नाम का इस्तेमाल किताबें बेचने के लिए नहीं बल्कि अपने बच्चों की परवरिश करने के लिए बेहतर लगता है। किसी पूर्व का ये बयान महज आकर्षण खींचने और खुद को संतुष्ट करने का शोर ज्यादा लगता है।
तो ये रही असल वजह!
अपनी किताब के प्रचार के दौरान इवाना ने कहा कि आज भी ट्रम्प से डायरेक्ट बात कर सकती हैं लेकिन वो ऐसा तीसरी बीवी को ध्यान में रखकर नहीं करती हैं। उन्होंने कहा- मैं उनको वहां पर कॉल नहीं करती हूं क्योंकि वहां मेलेनिया रहती हैं। सो मैं किसी तरह की जलन की भावना नहीं पनपने देना चाहती, क्योंकि देखिए मैं हूं ट्रम्प की पहली पत्नी, समझे आप? मैं हूं प्रथम महिला (I'm basically first Trump wife. OK? I'm first lady,")।
Ivana Trump to @arobach: I don't like to call POTUS at the White House: "I don't want to cause any kind of jealousy" https://t.co/SiTlUUDX2S pic.twitter.com/nyvSj3Wk9O
— Good Morning America (@GMA) October 9, 2017
उन्होंने आगे कहा कि मैं समझ सकती हूं कि उनको वॉशिंगटन में रहना कितना कष्टप्रद लगता होगा। मुझे यहां रहना अच्छा नहीं लगता। फिर इवाना ने कुछ ऐसा कहा जिस पर बात बिगड़नी तय थी। उन्होंने कहा- क्या मैं महज 14 दिन में व्हाइट हाउस को दुरुस्त कर सकती हूं? बिलकुल। क्या मैं 45 मिनट तक बिना देखे (टेलिप्रॉम्पटर) भाषण दे सकती हूं? हां बिलकुल। क्या मैं अपना कॉन्ट्रैक्ट पढ़ सकती हूं? हां बिलकुल। क्या मैं समझौता कराने में या किसी का मनोरंजन करने में दक्ष हूं? जी हां बिलकुल। लेकिन मैं वहां नहीं रहना चाहती क्योंकि मुझे अपनी आजादी से प्यार है।
और क्या है रेजिंग ट्रम्प में-
'रेजिंग ट्रंप' में इवाना ने ट्रंप के साथ अपनी शादी और तीनों बच्चों के भविष्य की संभावनाओं पर खुलकर लिखा है। इवाना और ट्रंप ने 1977 में शादी रचाई थी। तब ट्रंप की छवि एक बिजनेस टायकून की थी। 1992 में दोनों का तलाक हो गया था। किताब में इवाना ने ट्रंप के साथ उनकी तलाक के दौर को याद किया है। किस तरह जब अखबार दोनों के किस्सों से भरे रहते थे। उसी दौर में ट्रंप के मारला मैपल्स के साथ रिश्तों को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी।
इवाना ने एक स्थान पर लिखा है - हमारी शादी को 15 साल हो गए थे। तभी दिसंबर 1989 में ऐसा कुछ हुआ कि सबकुछ खत्म हो गया। एक दिन मारला मैपल्स मेरे पास आई और बोलीं- मैं आपके पति से प्यार करती हूूं। इस पर इवाना का जवाब था- भाड़ में जाओ। ट्रंप मुझसे और मैं उनसे बहुत प्यार करती हूं। इसके बाद 1990 में न्यूयॉर्क पोस्ट में दोनों के अफेयर को लेकर बड़ी न्यूज छपी। उसके बाद से हमारा रिश्ता बिखरना शुरू हो गया।
फर्स्ट मदर बनने की है ख्वाहिश
इस किताब में इवाना ने इशारा किया है कि हो सकता है उनकी बेटी इवांका 15 साल बाद राष्ट्रपति की कुर्सी पर काबिज हो जाए। उन्होंने संकेत दिया है कि ट्रंप अपने खानदान के अकेले शख्स नहीं होंगे जो राष्ट्रपति की कुर्सी तक पहुंचे। हो सकता है 15 साल के अंदर उनकी बेटी इवांका भी राष्ट्रपति चुनाव लड़े। इवाना ने लिखा है- मैं चाहती हूं कि लोग मुझे फर्स्ट लेडी के बजाए फर्स्ट मदर के नाम से पहचानें। (ABC चैनल और विभिन्न समाचार माध्यमों से इनपुट के साथ)