अनुराग की जगह भाजपा युवा मोर्चा की अध्यक्ष बनीं पूनम महाजन
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने महाराष्ट्र की सांसद और प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन को भारतीय जनता युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया है। पूनम को अनुराग ठाकुर की जगह मोर्चा प्रमुख नियुक्त किया गया है।
पूनम इस पद पर हमीरपुर से सांसद और बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर की जगह लेंगी, जो कि छह साल से ज्यादा वक्त से इस पद पर जमे थे। अनुराग इन दिनों बीसीसीआई में सुधार को लेकर लोढ़ा कमेटी की सिफारिशें लागू करने को लेकर मुश्किलों में घिरे हैं। सुप्रीम कोर्ट में इस मामले पर सुनवाई के दौरान प्रधान न्यायाधीश टी.एस. ठाकुर ने कहा कि अनुराग ठाकुर पर कोर्ट की अवमानना का केस चलाया जा सकता है और वह जेल भी भेजे जा सकते हैं।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश से सांसद विनोद सोनकर को अनुसूचित जाति मोर्चा और छग सांसद रामविचार नेताम को अनुसूचित जनजाति मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। किसान मोर्चे के अध्यक्ष पद पर सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त नियुक्त किए गए हैं। वहीं पूर्व सांसद दारा सिंह चौहान अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्ष बनाए गए हैं।
माना जा रहा है कि अगले साल फरवरी-मार्च में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने तीन मोर्चा अध्यक्षों की नियुक्ति में सूबे को तरजीह दी है। हमेशा पारंपरिक भगवा पगड़ी में रहने वाले राजपूत नेता वीरेंद्र सिंह मस्त इस साल अगस्त में उस समय काफी चर्चा में आए थे, जब उन्होंने कथित तौर पर अमेरिकी वीजा अस्वीकार कर दिया था। मस्त को पगड़ी उतारने के लिए कहा गया था, लेकिन वह व्यथित होकर अमेरिकी दूतावास का वीजा अस्वीकार कर अपने निर्वाचन क्षेत्र भदोही लौट गए थे।
इसके अलावा दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने दिल्ली प्रदेश के 14 जिलों के नए अध्यक्षों की सूची जारी की। सूची में केशवपुरम से रोशन कंसल, चांदनी चौक से अरविंद गर्ग, उत्तर पूर्व से अजय महावर, नवीन शाहदरा से प्रवेश शर्मा, मयूर विहार से ललित जोशी, शाहदरा से संतोष पाल, करोल बाग से भारत भूषण मदान, नई दिल्ली से अनिल शर्मा, उत्तर पश्चिम से वेदपाल मान, बाहरी दिल्ली से विनय रावत, पश्चिमी दिल्ली से रमेश खन्ना, नजफगढ़ से सुमन प्रकाश शर्मा, महरौली से आजाद सिंह और दक्षिण दिल्ली से मिथिलेश सिंह के नाम शामिल हैं।