पूरे 50 साल के लिए सत्ता में आई है भारतीय जनता पार्टी : शाह
सत्ता विमर्श ब्यूरो
भोपाल : मिशन-2019 के तहत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित इस वक्त मध्य प्रदेश की यात्रा पर हैं। शुक्रवार को राजधानी भोपाल पहुंचने के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं की पहली ही बैठक में साफ तौर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी 5-10 नहीं, पूरे 50 साल के लिए सत्ता में आई है और यह भाव कार्यकर्ताओं के भीतर होना चाहिए, तभी देश में आमूलचूल परिवर्तन संभव हो सकेगा।
भोपाल के तीन दिवसीय दौरे पर आए भाजपा के शाह ने पार्टी के कोर ग्रुप के सदस्यों, प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों व जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कहा, संगठन के कार्यकर्ताओं को अब आराम करने का अधिकार नहीं है, इस राष्ट्र में आमूलचूल सकारात्मक परिवर्तन देखना चाहते हैं तो हमें बिना थके, बिना रुके अपनी यात्रा में आगे बढ़ाते रहना होगा। हम सत्ता में 5-10 साल के लिए नहीं, कम से कम 50 साल के लिए आए हैं। इस मानस के साथ ही हमें आगे बढ़ते रहना है।
अमित शाह ने आगे कहा, हमारे पास आज केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार है। 330 सांसद और 1387 विधायक हैं। पार्टी आज सर्वोच्च स्थान पर है लेकिन 2014 की विजय को भी उत्कृष्ट कार्यकर्ता सर्वोच्च नहीं मानता है, इसलिए हमें इससे बहुत आगे जाना है। शाह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया, कश्मीर से कन्याकुमारी तक और कामरूप से कच्छ तक कोई बूथ ऐसा नहीं रहे, जहां हम न हों। देश ने हमारे ऊपर बहुत भरोसा किया है, इसलिए हमें भी अपने नागरिकों के भरोसे पर खरा उतरना है।
समन्वय भवन में आयोजित 'नया भारत मंथन' कार्यक्रम में शाह ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र नहीं है, वहां सोनिया गांधी के बाद अध्यक्ष कौन होगा, सब जानते हैं मगर भाजपा में अमित शाह के बाद अध्यक्ष कौन होगा, यह कोई नहीं बता सकता, क्योंकि भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र है। शाह ने कहा, कांग्रेस वह दल है जिसमें आंतरिक लोकतंत्र मर गया है, वह लोकतंत्र की सेवा नहीं कर सकती है। देश में 1650 से ज्यादा दल आजादी के बाद पंजीकृत हुए हैं, मगर भाजपा के अलावा इक्की-दुक्की पार्टियां ही ऐसी हैं, जिनमें आंतरिक लोकतंत्र है।