सोनिया के बयान पर कांग्रेस ने दी सफाई; कहा- उन्होंने अध्यक्ष का पद छोड़ा है राजनीति नहीं
सत्ता विमर्श डेस्क
नई दिल्ली : सोनिया गांधी ने शुक्रवार को जैसे ही कहा कि उनके सेवानिवृत्त होने का वक्त आ गया है, कांग्रेस ने तुरंत इस बात को साफ किया कि सोनिया गांधी ने सिर्फ पार्टी अध्यक्ष के पद से अवकाश लिया है न कि राजनीति से। मालूम हो कि राहुल गांधी शनिवार को बतौर कांग्रेस अध्यक्ष अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, सोनिया गांधी ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद से अवकाश लिया है, न कि राजनीति से। वह अपने आशीर्वाद, अक्लमंदी और कांग्रेस की विचारधारा के प्रति स्वाभाविक प्रतिबद्धता से हमेशा हमारा मार्गदर्शन करेंगी। इससे पहले सोनिया गांधी ने शुक्रवार को कहा था कि राहुल गांधी के शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के साथ उनके सेवानिवृत्त होने का वक्त आ गया है।
Would sincerely request friends in the media to not rely upon innuendos.
Smt. Sonia Gandhi has retired as President of Indian National Congress and not from politics. Her blessings, wisdom and innate commitment to Congress ideology shall always be our guiding light.
— Randeep S Surjewala (@rssurjewala) December 15, 2017
दरअसल, राहुल गांधी शनिवार से कांग्रेस अध्यक्ष का कार्यभार संभालने जा रहे हैं। इसी के मद्देनजर सोनिया गांधी ने शुक्रवार को कहा कि यह उनके रिटायर होने का समय है। सोनिया गांधी से एनडीटीवी द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या वह कांग्रेस संसदीय पार्टी की अध्यक्ष बनी रहेंगी और आगे उनकी भूमिका क्या होगी तो उन्होंने कहा, अब मेरी भूमिका रिटायर होने की है।
सोनिया गांधी ने आगे कहा कि उनका बेटा राहुल पिछले तीन वर्षों से राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि सोनिया गांधी का ऐसा कहने का क्या मतलब था। वह राजनीति से पूरी तरह से रिटायर हो रहीं हैं या फिर लोकसभा से? सोनिया गत 19 वर्षों से कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष रही हैं। राहुल गांधी सोमवार को निर्विरोध कांग्रेस अध्यक्ष चुने गए थे और वह शनिवार से अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं।