राज्यसभा चुनाव 2020 : अप्रैल महीने में खाली हो रहीं 55 सीटों के लिए 26 मार्च को मतदान
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : राज्यसभा के 55 सदस्यों का कार्यकाल इस साल अप्रैल में खत्म होगा। चुनाव आयोग ने 17 राज्यों में खाली हो रही इन सीटों के लिए मंगलवार को चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। चुनाव आयोग के मुताबिक, 6 मार्च से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। पर्चा दाखिल करने की आखिरी तारीख 13 मार्च होगी। इसके बाद 16 मार्च को स्क्रूटनी होगी। उम्मीदवार 18 मार्च तक नामांकन वापस ले सकेंगे। 26 मार्च को बैलेट पेपर के जरिए मतदान होगा। इसी दिन शाम को 5 बजे नतीजों का ऐलान कर दिया जाएगा।
महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 7, तमिलनाडु में 6, पश्चिम बंगाल और बिहार में 5-5 सीटें खाली होंगी। इसी तरह से ओडिशा, आंध्र प्रदेश और गुजरात में 4-4 सीटें, असम, मध्य प्रदेश और राजस्थान में 3-3 सीटें, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, हरियाणा और झारखंड में 2-2 सीटें तथा हिमाचल प्रदेश, मणिपुर और मेघालय में एक-एक सीटों के लिए चुनाव होंगे।
जिन वरिष्ठ नेताओं की कार्यकाल खत्म होगा उसमें शरद पवार (महाराष्ट्र), दिग्विजय सिंह (मध्य प्रदेश), मोतीलाल वोरा (छत्तीसगढ़), हरिवंश नारायण सिंह (बिहार), कुमारी शैलजा (हरियाणा), विप्लव ठाकुर (हिमाचल प्रदेश), मधुसूदन मिस्त्री (गुजरात), रामदास अठावले (महाराष्ट्र), परिमल नाथवानी, प्रेम चंद्र गुप्ता (झारखंड), विजय गोयल (राजस्थान) और डीएमके के थिरूची शिवा शामिल हैं। इन सभी का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो जाएगा।