PM मोदी ने किया दावा; नहीं बच पाएगा अब कोई भ्रष्टाचारी, तीन-तीन पूर्व सीएम आज जेल में हैं
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार पर एक फिर जोरदार तरीके से निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त कोई भी व्यक्ति अब बच नहीं पाएगा। चीजें अब पहले जैसी नहीं हैं। स्थिति बहुत बदल गई है। आज भ्रष्टाचार के कारण तीन-तीन पूर्व मुख्यमंत्री जेल में हैं।
रविवार को एनसीसी के एक समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार और कालेधन के खिलाफ लड़ाई भारत के युवाओं के भविष्य की लड़ाई है और यह लड़ाई नहीं रुकेगी। एक समय था जब भ्रष्टाचार की चर्चा होती थी और लोग मानते थे कि बड़े-बड़े लोगों का कुछ नहीं होता है लेकिन अब चीजें बदल गई हैं। आज देखें तो तीन-तीन पूर्व मुख्यमंत्री जेल में हैं। मालूम हो कि कि चारा घोटाले में बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव और जगन्नाथ मिश्र जेल में हैं, वहीं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला भी भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में हैं।
उन्होंने कहा कि आज देश का नौजवान भ्रष्टाचार को बर्दाश्त करने को तैयार नहीं है। भ्रष्टाचार के प्रति नफरत का भाव समाज में पैदा हो गया है। सिर्फ भ्रष्टाचार से नफरत करने, रोष प्रकट करने से काम नहीं चलेगा। फिर तो लड़ाई लम्बी चलानी पड़ेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह लड़ाई रुकने वाली नहीं है। भ्रष्टाचार और कालेधन के खिलाफ लड़ाई देश के नौजवानों के भविष्य के लिए है। उन्होंने कहा कि वह देश के नौजवानों, एनसीसी कैडेटों से कुछ मांगना चाहते हैं और उन्हें उम्मीद है कि वे उन्हें निराश नहीं करेंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि वह न तो वोट मांग रहे हैं और न ही राजनीतिक मंच से कुछ कह रहे हैं। मैं आपसे भारत को भ्रष्टाचार रूपी दीमक से मुक्ति दिलाने की अपील कर रहा हूं। मोदी ने कहा कि वह अपील कर रहे हैं कि जवाबदेही और पारदर्शिता से जुड़ी डिजिटल लेन-देन की पहल से 100 नये परिवारों को जोड़ें।