जोगी ने कांग्रेस संगठन में बदलाव का राग अलापा
सत्ता विमर्श ब्यूरो
रायपुर : छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने एक बार फिर प्रदेश कांग्रेस संगठन में बदलाव का राग अलापा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता चुनाव के बाद से निराश हैं। कार्यकर्ता में ऊर्जा भरने के लिए संगठन में परिवर्तन होना चाहिए। जोगी का कहना है कि संगठन में परिवर्तन का अधिकार हाईकमान के पास है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद प्रदेश संगठन में बदलाव की चर्चा जोरों पर है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल भी सक्रिय हो गए हैं। इस बीच जोगी के बयान से प्रदेश कांग्रेस में नया विवाद पैदा हो सकता है। जोगी मंगलवार शाम दिल्ली से राजधानी लौटे थे। रायपुर आते ही वे निजी कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए बिलासपुर रवाना हो गए। इससे पहले मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में उन्होंने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की।
उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि पार्टी संगठन में परिवर्तन होगा। जोगी ने कहा कि कार्यकर्ताओं में निराशा है और संगठन में परिवर्तन होगा तो निराशा दूर हो जाएगी। जो विलंब हो रहा है वह विलंब नहीं होना चाहिए ऐसी कार्यकर्ताओं की इच्छा है। जोगी ने कहा कि 16 मई को लोकसभा चुनाव का रिजल्ट आने के तीन सप्ताह बाद भी समीक्षा नहीं हुई है। हार की समीक्षा होनी चाहिए।