आलाकमान को चुनौती देने वाले गुफरान कांग्रेस से बाहर
सत्ता विमर्श ब्यूरो
भोपाल: कांग्रेस आलाकमान के खिलाफ आग उगलने की सजा आखिरकार गुफरान आजम को चुकानी पड़ गई। पार्टी से उनकी छुट्टी कर दी गई है। पूर्व सांसद और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य गुफरान आजम पर आरोप है कि वे लगातार ऐसी बातें कर रहे हैं जो पार्टी के खिलाफ हैं। दरअसल, गुफरान लगातार अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व को चुनौती देने वाले बयान दे रहे थे।
आजम ने प्रदेश कांग्रेस के इस कदम को बचकाना करार देते हुए चुनौती दी कि वे इस एकतरफा फैसले को कोर्ट में चुनौती देंगे। साथ ही आजम ने फिर वहीं आरोप दोहराए और प्रदेश के नेताओं को बंधुआ बताया।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता केके मिश्रा ने कहा है कि पूर्व सांसद गुफरान आजम के बयानों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें निष्कासित कर दिया है। साथ ही इस तरह की सार्वजनिक बयानबाजी करने वालों पर निगाह भी रखी जा रही है।
गौरतलब है कि, कुछ दिनों पहले गुफरान आजम ने कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेताओं को कोसा था। उन्होंने सोनिया से लेकर दिग्विजय सिंह और अरुण यादव किसी को नहीं बख्शा था। गुफरान ने सोनिया गांधी को तानाशाह करार देते हुए उनकी कड़ी आलोचना की थी। उन्होंने राहुल गांधी को उपाध्यक्ष और दिग्विजय सिंह को महासचिव बनाए जाने पर सवाल खड़े करते हुए कहा था कि इन्हें अपने पद से खुद हट जाना चाहिए। गुफरान ने कहा था कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव और पीसीसी के सारे महासचिव बंधुआ मजदूर हैं। उन्हें थोपा गया है।