थरूर बोले अगर BJP जीती तो भारत बनेगा हिन्दू पाकिस्तान, पात्रा ने दिया ये जवाब!
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली: अपनी विवादित टिप्पणियों के लिए चर्चित कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद शशि थरूर ने भारतीय जनता पार्टी को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उनकी टिप्पणी से भाजपा की त्योरियां चढ़ गईं हैं और पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस अध्यक्ष से माफी मांगने को कहा है। दरअसल, थरूर ने भगवा पार्टी पर बड़ा हमला करते हुए कहा था कि 2019 में अगर वो जीते तो भारत के संविधान से छेड़छाड़ कर हिन्दू पाकिस्तान राष्ट्र की स्थापना करेंगे।
तिरुवअनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने मोदी सरकार पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि इस सरकार में अदालत, पुलिस, जांच एजेंसियां और मीडिया को खतरा है। सरकार इन सभी को अपने काबू में कर रखी है। इस सरकार में किसी को बोलने की आजादी तक नहीं है। उन्होंने कहा कि 2019 में भाजपा सरकार बनने पर देश को खतरा है। भाजपा सरकार आने पर भारत हिंदू पाकिस्तान बन जाएगा।
ये पहली बार नहीं है जब थरूर ने केन्द्र के खिलाफ मुंह खोला है, पिछले दिनों छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शशि थरुर ने मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला था। थरूर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अड़े हाथों लेते हुए कहा कि आज एक चायवाले को छोड़कर तमाम लोग परेशान है। यह नाम बदलने वाली सरकार और मार्केटिंग वाली सरकार है, जो सेल करना जानती है। बहुत अच्छे सेल्समैन की तरह नोटबंदी गलत विचार था और उसे गलत तरीके से लाया गया। यूपीए के समय में जीएसटी का सही निर्णय लिया गया था, लेकिन इसे मोदी सरकार ने गलत तरीके से लागू किया।
थरुर ने कहा, कांग्रेस चुनाव के बारे में नहीं, बल्कि देश के बारे में सोचती है। कांग्रेस ट्रेंड बदलना चाहती है। इसी वजह से प्रोफेशल कांग्रेस का गठन किया गया है। कांग्रेस चाहती है कि प्रोफेशनल राजनीति में आए, ताकि अच्छी राजनीति हो और देश के लिए नए आइडियाज आ सके।
भड़के पात्रा
थरूर के इस बयान पर भाजपा ने सख्त ऐतराज जताया है। पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने इस मसले पर कांग्रेस पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा है- राहुल गांधी को थरूर की कही के लिए माफी मांगनी चाहिए। क्योंकि ये कांग्रेस ही थी जिसने निज स्वार्थ के लिए पाकिस्तान बनाया। और अब उससे आगे बढ़कर वो भारत, भारत में रहने वाले हिन्दूओं को नीचा दिखा रही है।