फूलपुर से लोकसभा चुनाव लड़ेंगी प्रियंका गांधी!
सत्ता विमर्श ब्यूरो
इलाहाबाद/नई दिल्ली : सोमवार को जब पूरे देश में यह चर्चा चल रही थी कि भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी के चुनावी प्रचार से मुकाबला करने के लिए कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को तैयार कर लिया है ठीक उसी समय इलाहाबाद कांग्रेस में पंडित जवाहरलाल नेहरू की सीट फूलपुर से प्रियंका गांधी को चुनाव लड़वाने की मांग उठ रही थी।
इलाहाबाद कांग्रेस कमेटी ने एक प्रस्ताव पारित किया है जिसमें प्रियंका गांधी को फूलपुर से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए कहा गया है। बैठक में इस क्षेत्र से प्रत्याशी के चयन का फैसला पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर छोड़ दिया है। गौरतलब है कि फूलपुर पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू का संसदीय क्षेत्र रहा है।
यूपी कांग्रेस के सदस्य अभय अवस्थी ने कहा कि हम इस विषय पर चर्चा कर रहे थे कि फूलपुर और इलाहाबाद से कौन चुनाव लड़ेगा? पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोचा कि फूलपुर दशकों से गांधी परिवार का संसदीय क्षेत्र रहा है इसलिए हम सहमत हो गए कि प्रियंका गांधी को फूलपुर से चुनाव लड़ना चाहिए। सोमवार को खबर आई थी कि प्रियंका गांधी 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रियंका गांधी कांग्रेस के लिए देशभर में प्रचार करेगी।
हालांकि कांग्रेस ने तत्काल इस खबर का खंडन करते हुए कहा कि मीडिया ने रतनगढ़ मंदिर हादसे की खबर को दबाने के लिए यह शरारतपूर्ण खबर फ्लैश किया है। कांग्रेस की मीडिया सेल के प्रमुख अजय माकन ने कहा कि हम इस खबर का खंडन करते हैं कि प्रियंका गांधी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए प्रचार करेगी। अभी तक प्रियंका गांधी सिर्फ यूपी में ही पार्टी के लिए प्रचार करती रही है। सितंबर में प्रियंका गांधी और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अमेठी में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक गुप्त बैठक की थी। प्रियंका ने 1999 में बरेली में कांग्रेस के लिए प्रचार किया था।