सऊदी अरब के 11 भ्रष्टाचारी राजकुमार गिरफ्तार
रियाद: सऊदी अरब के नवनिर्मित भ्रष्टाचार निरोधी आयोग ने 11 राजकुमारों और एक दर्जन पूर्व मंत्रियों को गिरफ्तार किया है। जिन राजकुमारों को गिरफ्तार किया गया है वो उच्च प्रशासनिक पद पर तैनात थे या विश्व के सबसे रईस व्यक्तियों में शुमार हैं।
शनिवार (4 नवंबर) को सऊदी स्वामित्व वाले अल अरबिया टीवी चैनल ने अपुष्ट सूत्रों के हवाले ये जानकारी दी है। ये गिरफ्तारियां ऐसे समय में की गईं हैं जब सऊदी के ताकतवर क्राउन प्रिंस मुहम्मद-बिन-सलमान ने भ्रष्टाचार निरोधी आयोग का पदभार संभाला है। सऊदी के शाही आदेश के बाद इस आयोग की स्थापना की गई थी। मामले में अल अरबिया चैनल ने ट्वीट कर लिखा, ‘आयोग ने 11 राजकुमारों और एक दर्जन पूर्व मंत्रियों को गिरफ्तार किया है।’
हालांकि गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। कहा जा रहा है कि आयोग और प्रभावशाली लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर सकता था, साथ ही उनकी विदेश यात्रा पर भी रोक लगाई जा सकती है। इनके बैंक अकाउंट भी सीज किए जा सकते हैं। ये जानकारी बीबीसी के हवाले से है।
गौरतलब है कि 32 वर्षीय क्राउन प्रिंस को एमबीएस के रूप में भी जाना जाता है। इससे पहले सितंबर में करीब दो दर्जनों लोगों को हिरासत में लिया गया था। इनमें देश के प्रभावशाली धार्मिक गुरु भी शामिल थे। तब इस कदम की काफी आलोचना की गई थी। विश्लेषकों का मानना है कि हिरासत में लिए गए कई लोग प्रिंस मुहम्मद की आक्रमक विदेश नीति के विरोध में थे। इसमें खाड़ी देश कतर के बहिष्कार और उनके अन्य फैसले शामिल हैं।
32 वर्षीय वली अहद शहजाहे मोहम्मद बड़ा अंतर्राष्ट्रीय निवेश लाने और कारोबार करने के लिए देश की छवि में सुधार की कोशिश में लगे हुए हैं। यह तेल राजस्व पर निर्भरता से अलग, अर्थव्यवस्था के अन्य रास्ते तैयार करने के व्यापक प्रयास का हिस्सा है। शाह ने शहजादे मुतैब बिन अब्दुल्लाह को नेशनल गार्ड के प्रमुख के पद से बर्खास्त किया है। उनके स्थान पर शहजादे खालिद बिन अयाफ अल मुकरीन को नियुक्त किया गया है। उनके पास गार्ड में वरिष्ठ पद था।
शहजादे मुतैब के पिता दिवंगत शाह अब्दुल्लाह हैं जिन्होंने नेशनल गार्ड का नेतृत्व किया था। उन्होंने ही नेशनल गार्ड को शक्तिशाली और प्रतिष्ठित बल में बदला था और इसे सत्ताधारी सऊदी परिवार और मक्का तथा मदीना में पवित्र स्थलों एवं तेल और गैस स्थलों की सुरक्षा का जिम्मा दिया। शहजादे मुतैब को तख्त का एक दावेदार माना जा रहा था। (एजेंसियां)