Saturday, November 28, 2026
Home Sansad परिसीमन का नया दांव: संसद में बढ़ेंगी सीटें तो किसका बढ़ेगा सियासी...

परिसीमन का नया दांव: संसद में बढ़ेंगी सीटें तो किसका बढ़ेगा सियासी वर्चस्व?

केंद्र सरकार लोकसभा सीटों में 50 फीसदी की बढ़ोतरी और 2051 तक राज्यों का मौजूदा प्रतिनिधित्व अनुपात बनाए रखने की तैयारी में है। इस लेख में जानिए परिसीमन, महिला आरक्षण और उत्तर-दक्षिण राजनीतिक असंतुलन से जुड़े संवैधानिक सवाल।

लोकसभा की सीटों में 50 फीसदी तक की बढ़ोतरी और वर्ष 2051 तक राज्यों के मौजूदा प्रतिनिधित्व अनुपात को बनाए रखने की तैयारी ने देश की राजनीति में एक नई संवैधानिक बहस छेड़ दी है। केंद्र सरकार की इस पहल का घोषित मकसद महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करना है, लेकिन इसके साथ जुड़ा परिसीमन का सवाल कहीं अधिक व्यापक है। यह सिर्फ निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने या संसद का आकार बढ़ाने का मसला नहीं, बल्कि देश के राजनीतिक प्रतिनिधित्व, संघीय ढांचे और उत्तर-दक्षिण के बीच सत्ता-संतुलन से जुड़ा प्रश्न है।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी। प्रस्ताव के मुताबिक, सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 फीसदी की बढ़ोतरी की जाएगी। इससे लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़कर अधिकतम 850 तक पहुंच सकती है। साथ ही राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात 2051 तक बरकरार रखने की बात कही गई है। सरकार अगले सप्ताह संसद के विशेष सत्र में परिसीमन से जुड़े विधायी पैकेज को आगे बढ़ा सकती है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से चार दिन के लिए प्रस्तावित है, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी।

गौरतलब है कि अप्रैल 2026 में भी सरकार तीन विधेयकों के जरिये महिला आरक्षण और परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना चाहती थी, लेकिन लोकसभा में संविधान संशोधन के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण प्रस्ताव गिर गया था। अब सरकार नए सिरे से इस पूरी कवायद को आगे बढ़ा रही है।

क्या कहता है परिसीमन का संविधान?

परिसीमन का अर्थ है लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण तथा राज्यों के बीच संसदीय सीटों का आवंटन। संविधान का अनुच्छेद 81 प्रतिनिधित्व के लिए ‘एक व्यक्ति, एक वोट और एक मूल्य’ के सिद्धांत को आधार बनाता है। इसके तहत प्रत्येक राज्य को उसकी जनसंख्या के अनुपात में लोकसभा सीटें मिलनी चाहिए, ताकि सभी राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का अनुपात यथासंभव समान रहे। हालांकि, छह लाख से कम आबादी वाले छोटे राज्यों के लिए विशेष व्यवस्था का प्रावधान किया गया है।

कहने को तो इस सिद्धांत के पीछे लोकतांत्रिक समानता की अवधारणा को प्रचारित किया जा रहा है। भारत में अमीर-गरीब, महिला-पुरुष और ग्रामीण-शहरी नागरिकों को समान मताधिकार दिया गया है। संविधान के अनुच्छेद 81(3) के अनुसार, जनसंख्या का निर्धारण प्रकाशित नवीनतम जनगणना के आंकड़ों के आधार पर होना चाहिए। इसी वजह से प्रत्येक दशक की जनगणना के बाद परिसीमन की व्यवस्था की गई थी।

जनसंख्या नियंत्रण करने वाले राज्य चिंतित क्यों?

1970 के दशक में परिवार नियोजन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के पुनर्वितरण पर रोक लगा दी गई थी। आशंका थी कि जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में सफलता हासिल की है, उन्हें कम सीटों के रूप में नुकसान उठाना पड़ेगा, जबकि अधिक जनसंख्या वृद्धि वाले राज्यों का प्रतिनिधित्व बढ़ जाएगा। 1976 में संविधान संशोधन के जरिये यह रोक 25 वर्षों के लिए लगाई गई। वर्ष 2001 में इसे अगले 25 वर्षों के लिए बढ़ा दिया गया।

इस व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ दक्षिण भारतीय राज्यों को मिला, जिन्होंने अपेक्षाकृत पहले जनसंख्या वृद्धि पर नियंत्रण हासिल कर लिया था। इसके विपरीत उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में जनसंख्या वृद्धि की दर लंबे समय तक अधिक बनी रही। दक्षिण के राज्यों की आशंका है कि नई जनगणना के आधार पर सीटों का पुनर्वितरण हुआ तो लोकसभा में उनका सापेक्ष राजनीतिक वजन घट सकता है।

इतिहासकार रवि के. मिश्रा की 2025 में प्रकाशित पुस्तक ‘डेमोग्राफी, रिप्रेजेंटेशन, डिलिमिटेशन : द नॉर्थ-साउथ डिवाइड इन इंडिया’ में भी इस जनसांख्यिकीय बदलाव का विश्लेषण किया गया है। पुस्तक के अनुसार, दक्षिण भारत में जनसंख्या वृद्धि पहले तेज हुई और बाद में स्थिर होने लगी, जबकि उत्तर भारत में यह प्रक्रिया अपेक्षाकृत बाद में शुरू हुई। स्वास्थ्य सेवाओं और पोषण में सुधार से मृत्यु दर पहले घटती है और जनसंख्या वृद्धि तेज होती है। इसके कुछ दशकों बाद प्रजनन दर में बदलाव आता है और जनसंख्या स्थिर होने लगती है। उत्तर प्रदेश और बिहार में प्रजनन दर घट रही है, लेकिन अभी भी प्रतिस्थापन स्तर 2.1 से ऊपर है।

महिला आरक्षण से कैसे जुड़ा परिसीमन?

21 सितंबर 2023 को संसद ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण का प्रावधान करने वाला नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था। लोकसभा में एआईएमआईएम के दो सांसदों को छोड़कर सभी ने इसका समर्थन किया, जबकि राज्यसभा में विधेयक सर्वसम्मति से पारित हुआ। लेकिन इस कानून के अनुच्छेद 334A में महिला आरक्षण को अगली जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन से जोड़ दिया गया। इसका अर्थ था कि जनगणना के आंकड़े प्रकाशित होने और परिसीमन पूरा होने के बाद ही आरक्षण लागू हो सकेगा। गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में कहा था कि 2029 के लोकसभा चुनाव के बाद जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।

अप्रैल 2026 में सरकार ने इस प्रक्रिया को तेज करने के लिए तीन विधेयक पेश किए थे। इनमें नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन के लिए संविधान का 131वां संशोधन विधेयक, नए परिसीमन आयोग के गठन के लिए परिसीमन विधेयक और विधानसभा वाले केंद्रशासित प्रदेशों में महिला आरक्षण लागू करने का विधेयक शामिल था। सरकार का तर्क था कि नई जनगणना के आंकड़े प्रकाशित होने में समय लगेगा, इसलिए उपलब्ध नवीनतम आंकड़ों के आधार पर प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए। प्रस्ताव में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या राज्यों से 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 निर्धारित करने की बात थी। इस तरह 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन का रास्ता तैयार किया जा रहा था।

विपक्ष की आपत्ति और संवैधानिक पेंच

विपक्षी दलों ने अप्रैल में पेश विधेयकों का विरोध करते हुए कहा था कि सरकार की मौखिक घोषणाओं के बावजूद विधेयकों में राज्यों के बीच मौजूदा सीट अनुपात बनाए रखने का स्पष्ट प्रावधान नहीं था। उनका तर्क था कि इससे जनसंख्या नियंत्रण में सफल राज्यों के साथ अन्याय होगा और अधिक जनसंख्या वृद्धि वाले राज्यों को अतिरिक्त राजनीतिक लाभ मिलेगा। विपक्ष ने सभी राज्यों में समान रूप से 50 फीसदी सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी सवाल उठाया। उसका कहना था कि इससे जनसंख्या नियंत्रित कर चुके राज्यों और अधिक जनसंख्या वाले राज्यों के बीच सीटों का वास्तविक अंतर और बढ़ जाएगा। विपक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि मांग के बावजूद सरकार ने सर्वदलीय बैठक नहीं बुलाई।

पूर्व लोकसभा महासचिव पीडीटी आचारी ने भी संवैधानिक प्रावधानों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनके मुताबिक, अनुच्छेद 81(2)(a) में राज्यों के बीच सीटों के वितरण का स्पष्ट फार्मूला मौजूद है। परिसीमन आयोग को इसी संवैधानिक व्यवस्था का पालन करना होगा। यदि सरकार दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए कोई नया फार्मूला लागू करना चाहती है तो इसके लिए अनुच्छेद 81 में संशोधन और सर्वदलीय सहमति जरूरी होगी। मौजूदा संवैधानिक फार्मूले के रहते सरकार परिसीमन आयोग को सभी राज्यों में समान रूप से 50 फीसदी सीटें बढ़ाने का निर्देश नहीं दे सकती।

राजनीतिक समीकरण साधने की कोशिश

नए प्रस्ताव में सरकार ने सभी राज्यों की सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी और 2051 तक मौजूदा प्रतिनिधित्व अनुपात बनाए रखने की बात कही है। इससे सरकार को उम्मीद है कि इस बार संविधान संशोधन के लिए जरूरी समर्थन जुटाया जा सकेगा। तमिलनाडु की द्रमुक पार्टी ने संकेत दिए हैं कि यदि राज्य का लोकसभा में मौजूदा लगभग 7.2 फीसदी प्रतिनिधित्व सुरक्षित रखा जाता है तो वह विधेयक का समर्थन करने पर विचार कर सकती है। द्रमुक नेता एमके स्टालिन पहले ही मांग कर चुके हैं कि राज्यों के बीच सीटों का वर्तमान अनुपात अगले 25 वर्षों तक बरकरार रखा जाए। फरवरी 2024 में तमिलनाडु विधानसभा ने भी इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया था। सरकार को शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) से भी समर्थन की उम्मीद है।

फिलहाल 543 सदस्यों वाली लोकसभा में तीन सीटें रिक्त हैं। संविधान संशोधन पारित कराने के लिए कम से कम 360 सांसदों का समर्थन जरूरी होगा। राज्यसभा में 245 सदस्यों के सदन में 161 सदस्यों का समर्थन चाहिए। एनडीए के पास 142 सदस्य हैं, इसलिए उसे कम से कम 19 अतिरिक्त सदस्यों के समर्थन की जरूरत होगी। द्रमुक के राज्यसभा में आठ और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) का एक सदस्य है। सरकार को अन्य क्षेत्रीय दलों से भी समर्थन मिलने की उम्मीद है।

महिला आरक्षण या परिसीमन की राजनीति?

महिला आरक्षण के मौजूदा कानून में जनगणना और परिसीमन की अनिवार्यता अब भी लागू है। कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम का कहना है कि सरकार चाहे तो अनुच्छेद 334A हटाकर महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने का रास्ता खोल सकती है। वहीं कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया है कि सरकार महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन के जरिये निर्वाचन क्षेत्रों की संरचना को अपने अनुकूल करना चाहती है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।

दरअसल, इस पूरी कवायद का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यही है कि महिला आरक्षण जैसे व्यापक सामाजिक और लोकतांत्रिक सुधार को परिसीमन की जटिल प्रक्रिया से जोड़ने की जरूरत क्या है? महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने पर लगभग सभी प्रमुख दल सहमत हैं, लेकिन इसे लागू करने की शर्तों को लेकर राजनीतिक टकराव बना हुआ है।

परिसीमन का फैसला आने वाले वर्षों में संसद की संरचना और राज्यों के राजनीतिक प्रभाव को प्रभावित करेगा। इसलिए इसे सिर्फ सीटें बढ़ाने या महिला आरक्षण लागू करने की प्रशासनिक कवायद मानना उचित नहीं होगा। सवाल यह है कि क्या इस प्रक्रिया में सभी राज्यों के हितों, जनसंख्या नियंत्रण के प्रयासों और संघीय व्यवस्था की समानता को पर्याप्त महत्व दिया जाएगा? लोकतंत्र में प्रतिनिधित्व का आधार केवल जनसंख्या नहीं, बल्कि राज्यों के बीच न्यायपूर्ण राजनीतिक संतुलन भी होना चाहिए। यही इस पूरे विवाद की असली संवैधानिक और राजनीतिक कसौटी है।

Previous articleसंसद से हिसाब मांगने आ रहा है मेहनतकश भारत
प्रवीण कुमार
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव रखता हूं। राष्ट्रीय और क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों के साथ काम करते हुए सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विषयों पर निरंतर लेखन करता आ रहा हूं। फिलहाल भारत सरकार से मान्यता प्राप्त स्वतंत्र पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं और डिजिटल मीडिया कंसल्टेंसी से भी जुड़ा हूं। बुद्ध, गांधी, विवेकानंद और भगवत गीता के विचार मेरे लेखन और जीवन-दृष्टि को दिशा देते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here