नई दिल्ली : भारतीय चुनाव आयोग ने शुक्रवार (16 अगस्त 2024) को जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। महाराष्ट्र और झारखंड में चुनाव की तारीखों का ऐलान बाद में किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर की 90 विधानसभा सीटों पर 3 फेज में 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। जबकि हरियाणा की सभी 90 सीटों पर एक फेज में 1 अक्टूबर को वोटिंग होगी। दोनों राज्यों के नतीजे 4 अक्टूबर को आएंगे।
जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद विधानसभा चुनाव होंगे। अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर का ये पहला विधानसभा चुनाव होगा। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि महाराष्ट्र में त्योहार की वजह से चुनाव बाद में होंगे। झारखंड का जिक्र तक नहीं किया। हरियाणा सरकार का कार्यकाल 3 नवंबर, महाराष्ट्र का 26 नवंबर और झारखंड का 5 जनवरी 2025 को खत्म हो रहा है।
जम्मू-कश्मीर में नई सरकार का कार्यकाल 5 साल का होगा
सुप्रीम कोर्ट ने 30 सितंबर 2024 तक जम्मू कश्मीर में चुनाव कराने का आदेश दिया था। राज्य से अनुच्छेद 370 हटने के बाद ये पहला विधानसभा चुनाव होगा। केंद्र सरकार ने 5 अगस्त 2019 को आर्टिकल 370 हटाया था। इसके बाद से यहां उपराज्यपाल मनोज सिन्हा प्रशासक हैं। चुनाव के बाद नई सरकार का कार्यकाल 6 साल की जगह 5 साल का होगा।
जम्मू-कश्मीर में 2014 के विधानसभा चुनाव में 87 सीटें थीं जिनमें से 4 लद्दाख की थीं। लद्दाख के अलग होने पर 83 सीटें बचीं थीं। परिसीमन के बाद 7 नई सीटें जोड़ी गईं। उनमें 6 जम्मू और 1 कश्मीर में है। अब कुल 90 सीटों पर चुनाव होगा। इनमें 43 जम्मू, 47 कश्मीर संभाग में हैं। 7 सीटें SC (अनुसूचित जाति) और 9 सीटें ST (अनुसूचित जनजाति) के लिए आरक्षित हैं।
हरियाणा में 90 सीटों पर चुनाव 1 अक्टूबर को
हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव 1 अक्टूबर को होंगे। 2019 में हुए चुनाव में भाजपा ने यहा की 40 सीटें जीती थीं। यानी बहुमत से 6 कम। इसके बाद उसने JJP के समर्थन से दूसरी बार सरकार बनाई। हालांकि JJP ने बाद में समर्थन वापस ले लिया। मनोहर लाल खट्टर को भाजपा ने मुख्यमंत्री पद से हटाकर नायब सिंह सैनी का कमान सौंपी। सैनी के चेहरे पर भाजपा हैट्रिक लगाने की तैयारी में है। हालांकि लोकसभा चुनाव में भाजपा को 10 में से 5 सीटें मिलीं। कांग्रेस को 5 सीटों का सीधे फायदा हुआ। लोकसभा चुनाव के नतीजों से उत्साहित कांग्रेस सरकार विरोधी लहर के सहारे इस बार सत्ता में वापसी की तैयारी में है। फिलहाल राज्य में भाजपा की अल्पमत सरकार है।




