राहुल गांधी की कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर भाजपा और कांग्रेस में छिड़ी सियासी जंग
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की कैलास मानसरोवर यात्रा को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी जंग तेज हो गई है। भाजपा ने चीन के रास्ते कैलास मानसरोवर जा रहे कांग्रेस अध्यक्ष को जहां 'चाइनीज गांधी' कहा है, तो कांग्रेस की तरफ से भी पलटवार किया गया है। कांग्रेस ने राहुल गांधी को शिवभक्त बताते हुए सवाल किया है कि क्या अब महादेव के दर्शन के लिए भी नरेंद्र मोदी से अनुमति लेनी पड़ेगी? सुरजेवाला ने कहा कि भोले शंकर और उनके भक्तों के बीच जो भी आता है वह पाप और श्राप का भागी बनता है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को कैलास मानसरोवर की यात्रा पर निकले हैं। इस बीच भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी पर हमला बोला। राहुल के कैलास मानसरोवर यात्रा चीन के रास्ते करने पर सवाल उठाते हुए भाजपा ने कहा आखिर उन्हें चीन से इतना प्यार क्यों है। यही नहीं भाजपा ने राहुल को 'चाइनीज' गांधी तक बता डाला। इस पर कांग्रेस की तरफ से पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरेजावाल ने पलटवार किया।
रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि राहुल गांधी देश की तरक्की की कामना के लिए धार्मिक यात्रा पर जा रहे हैं और भाजपा षड्यंत्र कर रही है। सुरजेवाला ने कहा, 'शिवभक्त राहुल और भोले शंकर की आराधना में न भाजपा आ पाएगी न कोई और आ पाएगा। इस प्रकार की ओछी साजिश भाजपा को मुबारक।' उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी जो भोले शंकर के भक्त हैं, देश के भले के लिए वह यात्रा कर रहे हैं। भाजपा राहुल गांधी की धार्मिक यात्रा में बाधा डाल रही है।'
सुरजेवाला ने भाजपा के साथ-साथ पीएम मोदी को भी घेरते हुए कहा, 'क्या देवों के देव महादेव की यात्रा के लिए भी मोदी की अनुमति लेनी होगी? क्या मोदी भोले शंकर से भी बड़े हैं? भाजपा को इस देश की पौराणिक सभ्यता और संस्कृति का सम्मान करना चाहिए।' राहुल पर चीनी कनेक्शन के भाजपा के आरोपों पर सुरजेवाला ने कहा कि अगर आपके मन में भक्ति है, अगर आपमें भोले शंकर के प्रति सेवाभाव है तो आप भी जाइए।