कठुवा-उन्नाव प्रकरण पर बोले राहुल गांधी; स्पीकअप PM मोदी! आपकी चुप्पी मंजूर नहीं
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ घृणित हिंसा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि इस मामले में उनकी चुप्पी अस्वीकार्य है। भारत उनके बोलने का इंतजार कर रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने एक दिन पहले ही कठुआ और उन्नाव की बलात्कार की घटनाओं के विरोध में गुरुवार देर रात को इंडिया गेट तक मार्च निकाला था। तब राहुल ने कहा था कि प्रधानमंत्री को बेटी बचाओ के नारे पर कुछ करके दिखाना होगा। शुक्रवार को ट्वीट करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने #स्पीकअप का इस्तेमाल करते हुए लिखा, बलात्कार और हत्या के आरोपियों को सरकार क्यों बचा रही है। श्रीमान प्रधानमंत्री जी आपकी चुप्पी अस्वीकार्य है।
गुरुवार रात इंडिया गेट पर राहुल के कैंडल मार्च के दौरान उनकी बहन प्रियंका गांधी, बहनोई राबर्ट वाड्रा और अन्य कई लोगों ने भाग लिया था। इसमें कुछ लोगों ने केंद्र और उत्तर प्रदेश तथा जम्मू कश्मीर में भाजपा सरकारों के खिलाफ मोमबत्ती और प्लेकार्ड लेकर मार्च निकाला। जम्मू कश्मीर के कठुआ में एक अल्पसंख्यक समुदाय की आठ साल की बच्ची 10 जनवरी को अपने घर के पास से लापता हो गयी थी। एक सप्ताह के बाद उसका शव उसी इलाके में मिला था।
घटना की जांच के लिए गठित एक विशेष जांच दल (एसआईटी) ने दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) और एक हैड कांस्टेबल समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। इन पर सबूतों के साथ छेड़छाड़ के आरोप थे। उन्नाव में सत्तारूढ़ भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर एक किशोरी के साथ बलात्कार का आरोप लगा है। विधायक को पूछताछ के लिए सीबीआई ने हिरासत में लिया है।