चुनाव लड़ने से प्रियंका ने किया इंकार, बोली- मेरी मां सबसे बहादुर, वही लड़ेंगी रायबरेली से
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष की कमान राहुल के हाथों में सौंपे जाने के बाद इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि सोनिया गांधी राजनीति से संन्यास ले लेंगी और रायबरेली संसदीय सीट से प्रियंका गांधी चुनाव मैदान में उतर सकती हैं, लेकिन पत्रकारों से बातचीत में प्रियंका ने इन अटकलों पर विराम लगाते हुए साफ किया कि मेरी सोनिया गांधी एक मजबूत मां है और 2019 में रायबरेली से वही चुनाव लड़ेंगी।
प्रियंका ने यह टिप्पणी सोनिया गांधी द्वारा शुक्रवार को रिटायर होने वाला बयान दिए जाने के बाद की है। पूर्व पार्टी अध्यक्ष के बयान के बाद कई तरह के कयास लगाए जाने लगे थे, जिसके बाद पार्टी ने भी स्पष्ट किया कि वह केवल पार्टी अध्यक्ष पद से रिटायर हुई हैं, न कि राजनीति से।
एक अन्य सवाल के जवाब में प्रियंका ने कहा, अब तक मैंने जितनी भी महिलाओं को देखा है, उनमें मेरी मां सबसे बहादुर महिला हैं। उन्होंने बहुत सारी परेशानियों का सामना किया है। राहुल गांधी के पार्टी अध्यक्ष बनने पर उन्होंने कहा, यह मेरे लिए गर्व का क्षण है। प्रियंका अपने पति रॉबर्ट वाड्रा के साथ इस समारोह में मौजूद थीं, जहां राहुल गांधी ने औपचारिक रूप से कांग्रेस अध्यक्ष का कार्यभार संभाला।