2014 में नरेंद्र मोदी को समर्थन देना मेरी भूल थी : अरूण शौरी
सत्ता विमर्श ब्यूरो
कसौली (हिप्र) : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण शौरी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। हिमाचल प्रदेश के कसौली में आयोजित एक कार्यक्रम में शौरी ने कहा कि नरेंद्र मोदी को समर्थन देना उनकी भूल थी।
दिवंगत संपादक और लेखक खुशवंत सिंह के नाम पर आयोजित साहित्य समारोह के उद्घाटन संबोधन में शौरी ने कहा, मैंने कई गलतियां कीं। वीपी सिंह को समर्थन देकर और उसके बाद मोदी को समर्थन देकर। शौरी ने कहा, ये मत सोचिए कि आपके नेता सत्ता में आते ही बदल जाएंगे। उनके चरित्र को उनकी सत्यनिष्ठा के आधार पर परखिए। देखिए कि वो अपनी बातों पर कितने खरे हैं। इससे पहले शौरी नरेंद्र मोदी सरकार और उसकी आर्थिक नीतियों की आलोचना कर चुके हैं। मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में शौरी ने नोटबंदी को कालेधन को सफेद करने वाला देश का सबसे बड़ा घोटाला बता चुके हैं।
शौरी से पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में वित्त मंत्री रहे यशवंत सिन्हा ने भी मौजूदा वित्त मंत्री अरुण जेटली और देश की वर्तमान आर्थिक स्थिति की आलोचना की है। यशवंत सिन्हा ने इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित लेख में कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि उन्होंने गरीबी करीब से देखी है इसलिए वित्त मंत्री अरुण जेटली बाकी देशवासियों को भी करीब से गरीबी दिखाना चाहते हैं।
अरुण शौरी ने कहा कि आज के नेता मैकियावेली (इटली का राजनीतिक दार्शनिक) के अनुयायी और आत्ममुग्ध हैं। उन्हें चमचागिरी पसंद है और खुद को पीड़ित बताने की आदत से पीड़ित हैं। शौरी ने कहा कि भाजपा के नेता नोटबंदी के बाद खुद को पीड़ित की तरह पेश कर रहे हैं। वो कह रहे हैं, नोटबंदी के बाद मुझे कितने जुल्म सहने पड़े। शौरी ने मीडिया की भी आलोचना की और कहा कि उसे भी अब कोई सच नहीं बता रहा है। मीडिया को सच पता करने के लिए नए तरीके इजाद करने होंगे। याद हो तो अरुण शौरी ने साल 2015 में कहा था कि नरेंद्र मोदी के कार्यकाल से कमजोर प्रधानमंत्री कार्यालय देश में कभी नहीं रहा।
शुक्रवार को शुरू हुए इस तीन दिवसीय साहित्य समारोह के पहले दिन लेखक विक्रम सेठ और शोभा डे, बॉलीवुड अभिनेता व सांसद शत्रुघ्न सिन्हा और अभिनेत्री दिव्या दत्ता भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरूआत खुशवंत सिंह को पुष्प अर्पित कर की गई।