'भारत माता की जय' से सरकार ने बनाई दूरी
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और योग गुरु रामदेव की भारत माता की जय कहने से इनकार करने वालों पर विवादित टिप्पणियों पर असहमति जताई है। उन्होंने कहा कि ये ऐसे विचार हैं जिसे सरकार की ओर से किसी आदेश द्वारा अधिकृत नहीं किया गया है।
नायडू ने कहा, 'वह उनका विचार है और मैं उनसे सहमत नहीं हूं।' उन्होंने कहा, 'क्या सरकार ने कोई परिपत्र जारी करके कहा है कि जो भारत माता की जय नहीं कहेंगे उन्हें देश छोड़ देना चाहिए.?' उन्होंने कहा कि भारत माता की जय का नारा बाध्यकारी नहीं है और उसे किसी पर किसी सरकारी आदेश द्वारा थोपा नहीं गया है। यद्यपि यह एक भावनात्मक मुद्दा है और सभी की संवेदनाओं का ध्यान रखा जाना चाहिए।
आरएसएस महासचिव भैयाजी जोशी की टिप्पणी पर वेंकैया ने कहा कि लोगों के कड़े विचार हैं। यह सकारात्मक है। मैं भी मानता हूं कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है। भगत सिंह ने भी जेल में भारत माता की जय और वंदे मातरम कहा था। यह एक प्रेरणा से ओतप्रोत नारा है।
नायडू ने रामदेव की टिप्पणियों से भी असहमति जतायी और कहा कि वह उनके निजी विचार हैं, सरकार के नहीं हैं। उल्लेखनीय है कि फडणवीस ने कहा था कि भारत माता की जय नहीं कहने वालों को देश छोड़ देना चाहिए। जबकि रामदेव ने कहा था कि कानून नहीं होता तो भारत माता की जय कहने से इनकार करने वालों के सिर कलम कर दिए जाते।