नीतीश कुमार पर चले बयानों के तीर; राहुल ने कहा धोखेबाज तो लालू बोले भस्मासुर
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार में महागठबंधन का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थामने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अवसरवादी करार देते हुए गुरुवार को कहा कि उन्होंने महागठबंधन के साथ धोखा किया है। उधर, रांची में संवाददाताओं से बातचीत में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने नीतीश कुमार को मौकापरस्त नेता करार दिया और कहा कि उन्होंने तो नीतीश को शिव की तरह आशीर्वाद दिया था लेकिन वह भस्मासुर निकले।
राहुल ने यहां संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, तीन-चार महीने पहले से हमें पता था कि ऐसी योजना चल रही है। अपने स्वार्थ के लिए व्यक्ति कुछ भी कर जाता है। नीतीश कुमार ने महागठबंधन के साथा धोखा किया है। उन्होंने कहा कि सत्ता के लिए व्यक्ति कुछ भी कर जाता है, कोई नियम, कोई विश्वसनीयता नहीं है। नीतीश जी को सांप्रदायिकता के खिलाफ लड़ाई के लिए जनमत मिला था, लेकिन अब उन्होंने अपने व्यक्तिगत राजनीतिक हित में उन्हीं से हाथ मिला लिया है।
उधर रांची में चारा घोटाले के मामले में अदालत में पेशी के बाद राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने संवाददाताओं से बातचीत में महागठबंधन के पूर्व साथी रहे नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा और कहा, नीतीश कुमार ने राज्य की जनता के साथ विश्वासघात किया है। बिहार की जनता ने महगठबंधन को जनमत दिया था जिसका अपमान नीतीश कुमार ने किया है। यह राज्य की करोड़ों जनता के साथ धोखा है। हमने तो नीतीश को भगवान शिव की तरह आशीर्वाद दिया था लेकिन वह भष्मासुर निकले। राजद अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार ने भाजपा से रिश्ते तोड़ने के बाद कहा था कि मिट्टी में मिल जाएंगे लेकिन भाजपा के साथ नहीं जाएंगे लेकिन आज एक बार फिर वह भाजपा की गोद में बैठ गये हैं। विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डीएनए में दोष बताया था लेकिन आज वह उन्हीं मोदी के साथ हो गये।