नई दिल्ली/श्रीनगर : जम्मू कश्मीर में अगर किसी पार्टी या गठबंधन को बहुमत नहीं मिलता है जैसा कि एग्जिट पोल ने संकेत भी दिया है तो फिर सरकार कैसे बनेगी? एक लाइन में इसका सीधा जवाब है कि इंडिया ब्लॉक की सरकार बनेगी। पीडीपी, पीपुल्स कॉन्फ्रेंस, अपनी पार्टी और निर्दलीय विधायक सभी सरकार बनाने के लिए इंडिया ब्लॉक को समर्थन दे देंगे। पीडीपी तो इंडिया ब्लॉक का हिस्सा भी है।
याद हो तो 5 अगस्त 2019 को जम्मू कश्मीर से आर्टिकल-370 हटाए जाने के बाद बीजेपी के खिलाफ गुपकार अलायंस बना था। पीडीपी उसमें नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस के साथ थी। हालांकि विधानसभा चुनाव में पीडीपी, नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस के बीच किसी साझा कार्यक्रम पर बात नहीं बन सकी थी लेकिन जब सरकार बनाने की बात आएगी तो बीजेपी के खिलाफ इंडिया ब्लॉक के साथ सबसे पहले पीडीपी ही सपोर्ट में आगे आएगी।
मालूम हो कि जम्मू-कश्मीर में तीन फेज में 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को वोटिंग हुई थी। नतीजे मंगलवार यानी 8 अक्टूबर को आएगा, लेकिन उससे पहले शनिवार को आए सभी एग्जिट पोल में इस बात के संकेत साफ तौर पर दिखे कि किसी एक दल को बहुमत नहीं मिलने जा रहा है।
भास्कर रिपोर्टर्स पोल के एग्जिट पोल के मुताबिक, सबसे ज्यादा सीटें नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस पार्टी के गठबंधन (35-40 सीटें) को मिल सकती हैं। दूसरे नंबर पर बीजेपी (20-25) रह सकती है। महबूबा मुफ्ती की पार्टी पीडीपी की (4-7) सीटें भले डबल डिजिट से कम रहें, लेकिन वह किंगमेकर की भूमिका में आ सकती हैं। निर्दलीय उम्मीदवार (9-12 सीटें) भी सरकार बनाने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
आज तक-सी वोटर ने अपने एग्जिट पोल में नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने का अनुमान जताया है। एग्जिट पोल में सामने आया है कि इस गठबंधन को 40 से 48 सीटों पर जीत मिल सकती है। 90 सीटों वाली जम्मू कश्मीर विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 46 सीटों का है। एग्जिट पोल में बीजेपी को 27 से 32 सीटों मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। पीडीपी 6 से 12 और अन्य के खाते में 6 से 11 सीटें आ सकती है। पीपुल्स पल्स के आंकड़ों की बात करें तो कांग्रेस गठबंधन 46-50 सीटों पर जीत सकता है।




