J&K Election Results 2024 : नहीं चला बीजेपी का जादू, एनसी-कांग्रेस गठबंधन को बहुमत

नई दिल्ली/श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव का नतीजा सामने आ गया है। बीजेपी की लाख कोशिशों के बावजूद नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। नेशनल कॉन्फ्रेंस को 42 और कांग्रेस को 6 सीटें मिली हैं। एक सीट सीपीआईएम को मिली है। इस तरह से देखें तो इंडिया गठबंधन को कुल 49 सीटें मिली हैं जो बहुमत के आंकड़े से 3 सीट ज्यादा है।

भाजपा ने 29 सीटों पर जीत दर्ज की। महबूबा मुफ्ती की पीडीपी को सिर्फ तीन सीट मिली हैं। एक-एक सीट सीपीआईएम, आम आदमी पार्टी और जेपीसी के खाते में आई। 7 निर्दलीय उम्मीदवार भी जीते हैं। 90 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत का जादुई आंकड़ा 46 सीटों का है।

इस बीच, नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बेटे उमर अब्दुल्ला को अगले मुख्यमंत्री के तौर पर घोषणा कर दी है। उमर अब्दुल्ला ने दो सीटों (बडगाम और गांदरबल) पर चुनाव लड़ा और दोनों पर जीत दर्ज की।

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती श्रीगुफवारा-बिजबेहरा सीट से चुनाव हार गईं। उन्होंने कहा कि मैं जनता के फैसले को स्वीकार करती हूं। उधर नौशेरा सीट से हारने के बाद रविंदर रैना ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।

जम्मू और कश्मीर इन दो रीजन में बंटे जम्मू-कश्मीर चुनाव में एक तरफ जहां जम्मू रीजन में बीजेपी का पलड़ा भारी रहा वहीं कश्मीर रीजन में नेशनल कांफ्रेंस की तूती बोली। जम्मू रीजन की 43 सीटों में 29 बीजेपी जीती। लेकिन कश्मीर रीजन में बीजेपी का खाता तक नहीं खुला।

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर की 90 सीटों में से 43 जम्मू और 47 कश्मीर में हैं। बीजेपी ने जम्मू रीजन की सभी 43 सीटों पर चुनाव लड़ा और 29 सीटें जीती। कश्मीर रीजन की 47 सीटों में से बीजेपी ने 20 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किये थे, लेकिन यहां बीजेपी का खाता नहीं खुल पाया।

गुरेज सीट से जरूर उम्मीद थी जहां से फकीर मोहम्मद खान को उतारा था। फकीर मोहम्मद 28 साल पहले 1996 में गुरेज से निर्दलीय विधायक चुने गए थे। फिर कांग्रेस में गए। वहां हार मिली तो बीजेपी में आए और यहां भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

कश्मीर रीजन की बात करें तो यहां नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस का गठबंधन पहले से मजबूत था। नेशनल कांफ्रेंस की 42 सीटों में से करीब 35 से ज्यादा सीटें कश्मीर रीजन से मिली हैं। वहीं कांग्रेस ने भी कश्मीर संभाग से 6 सीटें जीतीं। 2014 में दोनों पार्टियों ने 27 सीटें जीती थीं। नेशनल कॉन्फ्रेंस ने इस चुनाव में 51 और कांग्रेस ने 32 सीटों पर चुनाव लड़ा था।

Previous articleHaryana Chunav Results 2024 : हरियाणा चुनाव में बीजेपी ने लगाई जीत की हैट्रिक
Next articleमहाराष्ट्र और झारखंड में बज गया चुनावी बिगुल, 23 नवंबर को आएंगे नतीजे
सत्ता विमर्श डेस्क
सत्ता विमर्श (Satta Vimarsh) नाम ही हमारी पहचान है। हमारा मानना है कि सब कुछ सत्ता के इर्द-गिर्द तय होता है, सरकार भी और सरोकार भी। लेकिन, इस सत्ता में हमारी-आपकी भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी सत्ता में बैठे लोगों की। इसीलिए सत्ता और सरोकार से जुड़े मुद्दों पर विमर्श जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here