नई दिल्ली : केंद्रीय चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। महाराष्ट्र में विधानसभा की सभी 288 सीटों के लिए एक साथ 20 नवंबर 2024 को वोट डाले जाएंगे। जबकि झारखंड की 81 सीटों पर दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगें।
दोनों ही राज्यों के चुनाव नतीजे 23 नवंबर को एक साथ आएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने मंगलवार को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। इस घोषणा के साथ ही दोनों राज्यों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।
महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को और झारखंड का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को खत्म हो रहा है। चुनाव आयोग ने 14 राज्यों की 48 विधानसभा और 2 लोकसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान भी किया। लोकसभा सीटों में केरल की वायनाड में 13 नवंबर और महाराष्ट्र के नांदेड़ में 20 नवंबर को वोटिंग होगी। वहीं 47 विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को और उत्तराखंड की केदारनाथ विधानसभा सीट पर 20 नवंबर को मतदान होगा। इन सभी उपचुनावों के नतीजे भी 23 नवंबर को ही आएंगे।
केंद्रीय निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, महाराष्ट्र में 22 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी तथा नामांकन की आखिरी तिथि 29 अक्टूबर होगी। नामांकन पत्र चार नवंबर, 2024 तक वापस लिए जा सकते हैं। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है। महाराष्ट्र में फिलहाल महायुति गठबंधन की सरकार है, जिसके मुखिया शिवसेना के एकनाथ शिंदे हैं।
इस सत्ताधारी गठबंधन में शिवसेना के अलावा भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल है। दूसरी तरफ, विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) है। इसमें उद्धव बालासाहेब ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और वरिष्ठ नेता शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) शामिल है।
इसी प्रकार से झारखंड में पहले चरण का मतदान 13 नवंबर को होगा। 18 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी तथा नामांकन की आखिरी तिथि 25 अक्टूबर होगी। नामांकन पत्रों की जांच के बाद 30 अक्टूबर तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं। दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा। 22 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी तथा नामांकन की आखिरी तिथि 29 अक्टूबर होगी। नामांकन पत्र 1 नवंबर तक वापस लिए जा सकते हैं। झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को खत्म हो रहा है।
निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 के झारखंड चुनाव में 2.6 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें एक करोड़ 29 लाख महिला और एक करोड़ 31 लाख पुरुष मतदाता शामिल है। चुनाव में 18 से 19 वर्ष के 11 लाख 84 हजार मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। वहीं 20 से 29 वर्ष के युवा मतदाताओं की संख्या 66 लाख 84 लाख है।




