हर साल ₹6000 की गारंटी: PM-Kisan Samman Nidhi में कैसे पाएं सीधे बैंक खाते में पैसे? यहां जानिए पूरी जानकारी

PM-Kisan Samman Nidhi
पीएम किसान सम्मान निधि योजना

PM-Kisan Samman Nidhi: एक समय था जब किसान पूरी तरह मौसम और बाजार पर निर्भर रहते थे, जिससे उनकी आय अनिश्चित बनी रहती थी। बदलते दौर में उनकी जरूरतों को समझते हुए केन्द्र सरकार ने किसानों के जीवन में स्थिरता और सुरक्षा लाने के लिए कई योजनाएँ शुरू की हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों तक सीधी आर्थिक सहायता पहुँचाना, खेती की लागत कम करना और आधुनिक संसाधनों तक उनकी पहुँच बढ़ाना है। केन्द्र सरकार की इन्हीं योजनाओं में से एक है प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना। आज इस आर्टिकल में हम आपको इस योजना के बारे में विस्तार से बताएंगे और साथ ही यह भी बताएंगे कि आप इसका लाभ कैसे उठा सकते हैं।

क्या है प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना?
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, जिसे आमतौर पर पीएम किसान योजना भी कहा जाता है। यह योजना किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और उनकी खेती से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने के लिए शुरू की गई एक महत्वपूर्ण सरकारी योजना है। इसका मुख्य उद्देश्य छोटे और मध्यम किसानों को सीधी आर्थिक सहायता प्रदान करना है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के खेती कर सकें।

कब शुरू हुई पीएम किसान योजना?
बता दें, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष 2019 में शुरू की गई थी। इसके अंतर्गत किसानों को प्रत्येक वर्ष 6,000 रुपये दिए जाते हैं। यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में तीन बराबर किस्तों में भेजी जाती है।

अब तक सरकार इस योजना के जरिए 22 किश्तों में 4.27 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा राशि किसानों के खातों में हस्तांतरित कर चुकी है। 22वीं किस्त 13 मार्च 2026 को असम के गुवाहाटी से जारी की गई थी। इस किस्त के अंतर्गत, लगभग 9.32 करोड़ किसानों को लाभ मिल चुका है, इनमें 2.15 करोड़ से अधिक महिला लाभार्थी भी शामिल हैं। प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण यानी डीबीटी के माध्यम से लगभग 18,640 करोड़ रूपए की प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता जारी की गई है जो बिचौलियों को हटाकर किसानों को मिलने वाले लाभ की पारदर्शिता सुनिश्चित करती है।

कैसे उठाएं इस योजना का लाभ?
गौर हो कि पीएम किसान योजना के लिए 2026 में आवेदन प्रक्रिया को और अधिक डिजिटल एवं सुरक्षित बना दिया गया है। अब नए पंजीकरण के लिए फार्मर आईडी (Farmer ID) अनिवार्य कर दी गई है। पात्र किसान घर बैठे आधिकारिक पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से मुफ्त में आवेदन कर सकते हैं।

पीएम किसान योजना के लिए पात्रता

  • भारत का निवासी होना चाहिए।
  • छोटे और मध्यम किसान होना चाहिए।
  • आधार कार्ड, Farmer ID और बैंक खाता अनिवार्य है।
  • जमीन के दस्तावेज जैसे खसरा, खतौनी या जमाबंदी जरूरी हैं।

कैसे करें ऑनलाइन आवेदन?
सबसे पहले पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं। न्यू फार्मर रजिस्ट्रेशन चुनें: होमपेज पर ‘Farmers Corner’ सेक्शन के तहत ‘New Farmer Registration’ विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद विवरण दर्ज करें: अपना आधार नंबर और मोबाइल नंबर डालें। फिर अपना राज्य चुनें और कैप्चा कोड भरकर ‘Get OTP’ पर क्लिक करें। आपके आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करके प्रमाणित करें।

पंजीकरण फॉर्म भरें: अपनी व्यक्तिगत जानकारी (नाम, पता, श्रेणी आदि) भरें। जमीन का विवरण जैसे- खसरा नंबर, खाता संख्या और जमीन का क्षेत्रफल (हेक्टेयर में) दर्ज करें। अपना बैंक खाता नंबर और IFSC कोड दर्ज करें (खाता आधार से लिंक होना अनिवार्य है)। इसके बाद मांगे गए दस्तावेज जैसे जमीन के कागजात (खतौनी/जमाबंदी) की स्कैन कॉपी अपलोड करें। सभी जानकारी जांचने के बाद फॉर्म को ‘Save’ या ‘Submit’ कर दें। एक बार जब आप अपना आवेदन सबमिट कर देंगे उसके बाद आपका आवेदन सत्यापन के लिए राज्य नोडल अधिकारी के पास भेजा जाएगा।

ये हैं आवश्यक दस्तावेज
अगर आप भी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए आवेदन करना चाह रहे हैं तो आपके पास आधार कार्ड का होना जरूरी है। दरअसल, आधार कार्ड पहचान और e-KYC के लिए अनिवार्य। है। इसके साथ ही आपके पास फार्मर आईडी होना चाहिए क्योंकि 2026 से पंजीकरण के लिए इसे आवश्यक कर दिया गया है। साथ ही भूमि रिकॉर्ड हेतु खतौनी, खसरा या जमाबंदी की नकल, बैंक पासबुक और एक मोबाइल नंबर जो आधार से लिंक हो।

ऑफलाइन आवेदन के लिए यहाँ जाएं
यदि आप ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पा रहे हैं, तो अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या जन सेवा केंद्र पर जाकर आवेदन करवा सकते हैं। साथ ही आप ‘PMKISAN GoI’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी पंजीकरण कर सकते हैं। योजना का लाभ निरंतर प्राप्त करने के लिए e-KYC और लैंड सीडिंग (Land Seeding) की प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य है।

बहरहाल, इस योजना को ‘अन्नदाता सम्मान’ सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जाता है। किसानों की आय सुरक्षा को मजबूत करने के प्रति सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए, केंद्रीय बजट 2026-27 में ‘पीएम-किसान’ योजना के लिए 60,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। सरकार की ये पहल न केवल किसानों की आय बढ़ाने में मदद कर रही हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बना रही हैं, जिससे देश के समग्र विकास को नई दिशा मिल रही है।

Previous articleक्या मौजूदा तेल संकट 1973 से भी बड़ा है?
Next articlePradhan Mantri Awaas Yojana – Gramin: 2.99 करोड़ घर पूरे, जानें पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और 2029 का लक्ष्य
सत्ता विमर्श डेस्क
सत्ता विमर्श (Satta Vimarsh) नाम ही हमारी पहचान है। हमारा मानना है कि सब कुछ सत्ता के इर्द-गिर्द तय होता है, सरकार भी और सरोकार भी। लेकिन, इस सत्ता में हमारी-आपकी भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी सत्ता में बैठे लोगों की। इसीलिए सत्ता और सरोकार से जुड़े मुद्दों पर विमर्श जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here