PM Mudra Yojana: बिना गारंटी लोन से छोटे व्यवसायों को मिल रही बड़ी उड़ान, जानिए मुद्रा लोन के लिए कैसे करें आवेदन

PM Mudra Yojana
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PM Mudra Yojana): भारत में लाखों लोग अपने दम पर कुछ नया शुरू करना चाहते हैं – कोई दुकान खोलना चाहता है, कोई छोटा उद्योग लगाना चाहता है, तो कोई सेवा आधारित काम शुरू करना चाहता है। लेकिन, इन सबके लिए सबसे बड़ी बाधा अक्सर पूंजी यानी पैसे की कमी होती है। इसी समस्या को दूर करने के लिए भारत सरकार ने वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) की शुरुआत की।

यह योजना छोटे और सूक्ष्म उद्यमियों को आसान और बिना गारंटी के ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद करती है। आज यह योजना देश में स्वरोजगार को बढ़ावा देने की एक महत्वपूर्ण पहल बन चुकी है। आइए, अब जानते हैं कि आखिर प्रधानमंत्री मुद्रा योजना का उद्देश्य क्या है? 

योजना का उद्देश्य 

  • छोटे व्यवसायों और सूक्ष्म उद्यमों को बढ़ावा देना 
  • युवाओं को नौकरी खोजने के बजाय नौकरी देने वाला बनाना 
  • महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को प्रोत्साहित करना 
  • लोगों को साहूकारों के ऊंचे ब्याज से बचाना

मुद्रा योजना के तहत लोन की श्रेणियां 

अगर सरल शब्दों में कहें तो, यह योजना उन लोगों के लिए है जो कम संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं। वहीं, व्यवसाय की जरूरतों के आधार पर, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत लोन को चार श्रेणियों में बांटा गया है। ये चार श्रेणी हैं – शिशु, किशोर, तरुण और तरुण प्लस। 

शिशु (Shishu)

इस श्रेणी के अंतर्गत ₹50,000 तक का लोन दिया जाता है। यह उन लोगों के लिए है जो अपना व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं या बहुत छोटे स्तर पर काम कर रहे हैं। उदाहरण के तौर पर जैसे – छोटी दुकान, ठेला, मरम्मत का काम, सिलाई-कढ़ाई आदि। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें लोन लेना आसान होता है और कई मामलों में ज्यादा औपचारिकताएं, क्रेडिट हिस्ट्री या जमानत की जरूरत नहीं होती। यह नए और कमजोर वर्ग के उद्यमियों को शुरुआत करने का मौका देता है। 

किशोर (Kishor) 

इस श्रेणी में ₹50,000 से ₹5 लाख तक का लोन दिया जाता है। यह उन व्यवसायों के लिए उपयुक्त है जो शुरू हो चुके हैं और अब उन्हें स्थिरता या छोटे स्तर पर विस्तार के लिए धन की जरूरत है। जैसे: स्टॉक बढ़ाना, दुकान का विस्तार, कार्यशील पूंजी की जरूरत आदि। किशोर श्रेणी व्यवसाय को अगले स्तर तक ले जाने में मदद करती है। 

  1. तरुण (Tarun)

इस श्रेणी के अंतर्गत ₹5 लाख से ₹10 लाख तक का लोन मिलता है। यह उन उद्यमियों के लिए है जो अपने व्यवसाय को बड़े स्तर पर बढ़ाना चाहते हैं। यानि कि नई मशीनें खरीदना, उत्पादन बढ़ाना, बड़ा सेटअप तैयार करना आदि। यह श्रेणी विकसित हो रहे व्यवसायों को और अधिक मजबूती देती है। 

  1. तरुण प्लस (Tarun Plus) 

गौर हो कि तरुण प्लस प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की एक नई श्रेणी है, जिसे वर्ष 2024 में शुरू किया गया है। इसके अंतर्गत ₹10 लाख से ₹20 लाख तक का लोन दिया जाता है। यह उन लोगों के लिए है, जिन्होंने पहले तरुण श्रेणी का लोन लिया हो और उसे सफलतापूर्वक चुकाया हो। साथ ही उनका व्यवसाय अच्छा प्रदर्शन कर रहा हो। यह श्रेणी व्यवसाय को और बड़े स्तर पर ले जाने और नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद करती है।

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के लाभ

अगर आप भी प्रधानमंत्री मुद्रा योजना का लाभ उठाना चाहते हैं तो उससे पहले यह जान लीजिए कि आखिर इस योजना के फायदे क्या हैं। इस योजना का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यहां बिना गारंटी के लोन मिलता है, मतलब अधिकांश मामलों में किसी बड़ी संपत्ति को गिरवी रखने की जरूरत नहीं होती है। साथ ही लोन लेने की प्रक्रिया काफी सरल है और इसमें समय भी कम लगता है। अगर ब्याज की बात करें तो ब्याज दर सामान्य लोन की तुलना में काफी किफायती होती है। साथ ही इसमें महिलाओं को कई मामलों में विशेष छूट और प्राथमिकता दी जाती है। पीएम मुद्रा योजना न केवल व्यक्ति को रोजगार देती है, बल्कि दूसरों के लिए नए रोजगार के अवसर भी पैदा करती है। 

कौन कर सकता है आवेदन?   

इस योजना के अंतर्गत आवेदन करने के लिए आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए। आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। कोई छोटा व्यवसाय शुरू करना या बढ़ाना चाहता हो। बैंक में कोई पुराना लोन डिफॉल्ट में नहीं होना चाहिए। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के लिए दुकानदार, कारीगर, छोटे उद्योगपति, ट्रांसपोर्ट व्यवसायी, फ्रीलांसर आदि सभी आवेदन कर सकते हैं। 

लोन के लिए आवेदन कैसे करें? 

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत आवेदन करना बहुत ही आसान है। आप ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों तरीकों से आवेदन कर सकते हैं। अगर आप ऑफलाइन आवेदन करना चाहते हैं तो आपको सरकारी बैंक (जैसे SBI, PNB), निजी बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, माइक्रोफाइनेंस संस्थान जाकर आवेदन करना होगा। इन सभी जगहों में से किसी भी जगह पर आवेदन कर दें और आवश्यक दस्तावेज जमा कर दें। बैंक की ओर से जाँच पूरी होने के बाद आपका लोन स्वीकृत हो जाएगा।

ये दस्तावेज हैं जरूरी 

  • आधार कार्ड 
  • PAN कार्ड   
  • पता प्रमाण 
  • पासपोर्ट साइज फोटो 
  • व्यवसाय से संबंधित जानकारी 
  • बैंक खाता विवरण

बहरहाल, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना उन लोगों के लिए एक सुनहरा अवसर है, जो अपने छोटे-छोटे सपनों को हकीकत में बदलना चाहते हैं। यह योजना न केवल आर्थिक सहायता प्रदान करती है, बल्कि लोगों को आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का मौका भी देती है। अगर आपके पास कोई बिजनेस आइडिया है या आप अपने काम को आगे बढ़ाना चाहते हैं, तो यह योजना आपके लिए एक मजबूत शुरुआत साबित हो सकती है।

Previous articleसबरीमाला विवाद : न्यायपालिका और कार्यपालिका के बीच छिड़ी जंग
Next articleईरान-अमेरिका के बीच शांति वार्ता नाकाम, अब होर्मुज स्ट्रेट में टोल पर टकराव
सत्ता विमर्श डेस्क
सत्ता विमर्श (Satta Vimarsh) नाम ही हमारी पहचान है। हमारा मानना है कि सब कुछ सत्ता के इर्द-गिर्द तय होता है, सरकार भी और सरोकार भी। लेकिन, इस सत्ता में हमारी-आपकी भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी सत्ता में बैठे लोगों की। इसीलिए सत्ता और सरोकार से जुड़े मुद्दों पर विमर्श जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here