नई दिल्ली/वाशिंगटन डीसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 2 अप्रैल 2025 से भारत पर जैसा को तैसा टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए ट्रम्प ने कहा कि भारत हमसे 100% से ज्यादा टैरिफ वसूलता है, हम भी अगले महीने से ऐसा ही करने जा रहे हैं।
प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रम्प ने अमेरिकी कांग्रेस में रिकॉर्ड 1 घंटा 44 मिनट का भाषण दिया। अपने पिछले कार्यकाल में उन्होंने सिर्फ एक घंटे का भाषण दिया था। ट्रम्प का यह भाषण कांग्रेस को संबोधित करने वाला अब तक का सबसे लंबा राष्ट्रपति भाषण बन गया है जो बिल क्लिंटन के साल 2000 के स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण को पीछे छोड़ दिया।
ट्रम्प ने अपने भाषण की शुरुआत अमेरिका इज बैक, यानी ‘अमेरिका का दौर लौट आया है’ से की। ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने 43 दिन में जो कुछ किया है वह कई सरकारें अपने 4 या 8 साल के कार्यकाल में भी नहीं कर पाईं। ट्रंप ने अपनी टैरिफ पॉलिसी को बढ़ावा दिया, जो 2 अप्रैल, 2025 से लागू होने वाली है। ट्रम्प का मानना है कि इससे घरेलू उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
ट्रम्प ने कहा कि एलन मस्क के DoGE विभाग ने पिछली फेडरल सरकार के कई घोटालों को उजागर किया है। हालांकि मस्क को ये विभाग बनाने की कोई जरूरत नहीं थी, लेकिन उन्होंने अमेरिका के हित में ऐसा किया।
यूक्रेन जंग पर चर्चा करते हुए ट्रम्प ने कहा कि जेलेंस्की जल्द से जल्द यूक्रेन जंग खत्म करने को लेकर बातचीत के लिए तैयार हैं। हमने रूस के साथ गंभीर बातचीत की है। हमें मॉस्को से मजबूत संकेत मिले हैं कि वे शांति के लिए तैयार हैं। अप्रवासी नीति का जिक्र करते हुए ट्रम्प ने कहा कि पिछले चार साल में 2.1 करोड़ लोग अवैध रूप से अमेरिका में घुसे हैं। हमारी सरकार ने अमेरिकी इतिहास में सबसे बड़ा बॉर्डर और इमिग्रेशन क्रैकडाउन शुरू किया है।
जो बाइडेन को अमेरिकी इतिहास का सबसे खराब राष्ट्रपति बताते हुए ट्रम्प ने कहा कि उनके कार्यकाल में हर महीने लाखों लोग अवैध तरीके से देश में दाखिल हुए। उनकी नीतियों के चलते देश में महंगाई बढ़ी। ट्रम्प ने कहा कि हम गोल्ड कार्ड वीजा सिस्टम लाने जा रहे हैं। यह ग्रीन कार्ड की तरह है, लेकिन उससे ज्यादा एडवांस है। इससे बड़ी संख्या में नौकरियां पैदा होंगी और कंपनियों को फायदा होगा।
पनामा नहर और ग्रीनलैंड का उल्लेख करते हुए ट्रम्प ने कहा कि हम किसी भी तरह पनामा नहर पर कंट्रोल हासिल करेंगे। इसके साथ ही हम किसी भी तरह ग्रीनलैंड को अपने में शामिल करेंगे। हम वहां के लोगों की हिफाजत करेंगे।
जहां तिक फ्री स्पीच की बात है तो हमने सरकारी सेंसरशिप पूरी तरह रोक दी है और अमेरिका में फ्री स्पीच वापस ले आए हैं। हमने ऐसे सरकारी तंत्र को खत्म कर दिया है जिसका इस्तेमाल हथियार के तौर पर किया जाता है।
ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका के पास दुनिया के किसी भी देश से ज्यादा ‘लिक्विड गोल्ड’ (तेल और गैस) है। हम अलास्का में बहुत बड़ी प्राकृतिक गैस पाइपलाइन बिछाएंगे। इसमें कई देश अरबों रुपए निवेश करना चाहते हैं। साथ ही हम विज्ञान की नई सीमाओं को पार करेंगे, इंसान को अंतरिक्ष में आगे ले जाएंगे और मंगल ग्रह पर अमेरिकी झंडा फहराएंगे। हम दुनिया की सबसे उन्नत और शक्तिशाली सभ्यता का निर्माण करेंगे।
ट्रम्प ने पाकिस्तान का शुक्रिया अदा किया
अपने भाषण के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने पाकिस्तान को धन्यवाद देते हुए कहा कि 2021 में अफगानिस्तान में आतंकियों ने 13 अमेरिकी सैनिकों की हत्या कर दी थी। हमने हाल में ही इसके मास्टरमाइंड को पकड़ा है। उसे अमेरिका लाया जा रहा है। उसे पकड़ने के लिए पाकिस्तान सरकार का शुक्रिया।
दरअसल, अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना की वापसी के दौरान बम विस्फोट हुआ था, जिसमें 170 लोगों की मौत हो गई थी। इसमें 13 अमेरिकी सैनिक भी थे। इसे घटना को एबे गेट बॉम्बिंग के नाम से जाना जाता है। यह विस्फोट काबुल एयरपोर्ट के एबे गेट पर हुआ था।
इस हादसे का जिम्मेदार माना जाने वाला मोहम्मद शरीफुल्लाह को अमेरिका ले जाया जा रहा है। उस पर आतंकी घटना में मदद करने और इससे जुड़ी साजिश रचने का आरोप है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान ने अमेरिकी एजेंसी सीआईए को शरीफुल्लाह के बारे में जानकारी दी थी जिसके बाद उसे पकड़ा गया था।




