सरसंघचालक ने देश को किया आगाह, कहा- राम मंदिर नहीं बना तो हम अपनी जड़ों से कट जाएंगे
सत्ता विमर्श ब्यूरो
मुंबई : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने देश को आगाह करते हुए अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर एक बार फिर से बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, अयोध्या में अगर राम मंदिर का निर्माण नहीं हुआ तो हम अपनी संस्कृति की जड़ों से कट जाएंगे। भागवत ने यह बात सोमवार को मुंबई के नजदीक पालघर स्थित दहाणु में विराट हिंदू सम्मेलन में व्यक्त किये।
सरसंघचालक ने कहा, मुस्लिम समुदाय ने राम मंदिर नहीं तोड़ा। विदेशी सेनाओं ने भारतीयों को अपमानित करने के लिए यह दुष्कृत्य किया था। लेकिन आज हम आजाद हैं। हमें अधिकार है कि हम अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करें। वह सिर्फ मंदिर नहीं होगा बल्कि हमारी पहचान की निशानी होगी। अगर अयोध्या में राम मंदिर नहीं बना तो हम अपनी संस्कृति की जड़ों से ही कट जाएंगे। मंदिर के स्थान को लेकर कोई संदेह नहीं है। यह अपने मूलस्थान पर ही बनना चाहिए। मामला सुप्रीम कोर्ट में है और हमें वहां के फैसले का इंतजार है।
संघ प्रमुख ने हाल ही में जाति के नाम पर हुई हिंसा के लिए विपक्षी दलों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि जिनकी राजनीति की दुकानें बंद हो गई हैं, वे लोगों को जाति के नाम पर लडऩे के लिए भड़का रहे हैं। यह देश और समाज के हित में नहीं है। ऐसे राजनीतिक दलों से सभी को सतर्क रहने की जरूरत है। राम मंदिर पर भागवत का यह महत्वपूर्ण बयान विश्व हिंदू परिषद के सांगठनिक चुनाव के ठीक एक दिन बाद आया है।
दूसरी तरफ आरएसएस के राष्ट्रीय संयोजक इन्द्रेश कुमार ने जयपुर में कहा कि अयोध्या के राम जन्म भूमि और विवादित ढांचे को लेकर चल रहा झगड़ा मंदिर का नहीं बल्कि राम के जन्म स्थान को लेकर है। राम का जन्म स्थान एक ही है और वह आयोध्या में है जो हिन्दुओं की आस्था का केन्द्र है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार ईसाई धर्मावलम्बियों का पावन स्थान वेटिकन सिटी और मुसलमानों का मक्का मदीना है उसी तरह से हिन्दुओं का पावन स्थान भगवान राम का जन्म स्थान अयोध्या है।