लोकसभा चुनाव के छठे चरण में सात राज्यों की 59 सीटों पर मतदान संपन्न, 80% वोटिंग के साथ बंगाल फिर अव्वल
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली : लोकतंत्र के महाकुंभ-2019 के छठे चरण के तहत रविवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देश के सात राज्यों में 59 सीटों पर मतदान संपन्न हो गया। इस चरण के साथ ही देश की 483 सीटों पर वोटिंग पूरी हो गई है। सिर्फ 59 सीटें बचेंगी जिनके लिए अंतिम चरण की वोटिंग 19 मई को होगी। चुनाव आयोग की मानें तो पश्चिम बंगाल की हिंसा को छोड़ मतदान शांतिपूर्ण रहा। इस चरण में कुल 63.3 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। कुल 989 उम्मीदवार मैदान में थे और इसके लिए 1.13 लाख मतदान केंद्र बनाए गए थे। दिल्ली में सात सीटों पर 164 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे। पश्चिम बंगाल में कई जगहों पर हिंसा के बावजूद भारी मतदान की खबर है। वहीं उत्तर प्रदेश और बिहार पीछे रह गए। पश्चिम बंगाल में 80.16 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया वहीं उत्तर प्रदेश में मात्र 54.24 फीसदी वोट पड़े। इससे पहले दोपहर 12.00 बजे तक 25.13 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी। पश्चिम बंगाल में 38.26 प्रतिशत, दिल्ली में 19.55 प्रतिशत, हरियाणा में 23.26 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में 21.75 प्रतिशत, बिहार में 20.70 प्रतिशत, झारखंड में 31.27 प्रतिशत और मध्यप्रदेश में 28.25 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी।
1. उत्तर प्रदेश (14)- सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अंबेडकर नगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संत कबीरनगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर और भदोही।
2. बिहार (8 सीट)- वाल्मीकिनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सिवान और महाराजगंज।
3. मध्यप्रदेश (8)- मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़।
4. हरियाणा (10 सीट)- अम्बाला, हिसार, करनाल, सोनीपत, फरीदाबाद, सिरसा, गुड़गांव, कुरुक्षेत्र, रोहतक और भिवानी-महेंद्रगढ़।
5. पश्चिम बंगाल (8)- तामलुक, कांठी, घाटल, झारग्राम, मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुरा, विष्णुपुर।
6. दिल्ली (7)- चांदनी चौक, उत्तर पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, उत्तर पश्चिम दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, दक्षिण दिल्ली।
7. झारखंड (4)- गिरिडीह, धनबाद, जमशेदपुर, सिंहभूम।
इस चरण में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, राधामोहन सिंह, हर्षवर्धन, ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे दिग्गज चेहरों की चुनावी किस्मत का फैसला होना है। पश्चिम बंगाल में छठे चरण के मतदान के दौरान भी हिंसा की खबरें हैं। घाटल से भाजपा प्रत्याशी भारती घोष पर टीएमसी समर्थकों ने हमला किया। बंगाल के भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष पर भी हमले की कोशिश की गई। भारती की गाड़ी तोड़ दी गई और उन्हें एक मतदान केंद्र पर जाने नहीं दिया जा रहा था। मतदान से पहले शनिवार रात भाजपा और टीएमसी के एक-एक कार्यकर्ता का शव भी मिला है।