दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे माकन, इस्तीफा नामंजूर
सत्ता विमर्श ब्यूरो
नई दिल्ली: तीनों निगमों में कांग्रेस की शिकस्त के बावजूद अजय माकन का इकबाल कायम रहेगा। पार्टी को उन पर भरोसा है इसलिए उनसे दिल्ली अध्यक्ष पद का ताज नहीं छीना गया है। उनके इस्तीफे को हाईकमान ने नामंजूर कर दिया है। साथ ही उन्हें अपने तरीके से संगठन चलाने का अधिकार दे दिया है। इस निर्णय से माकन विरोधी धड़ा सकते में है।
राजधानी में पिछले कुछ माह में जो राजनैतिक समीकरण बने और बिगड़े थे और राजौरी गार्डन विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का वोट बैंक बढ़ा था, उससे लगने लगा था कि निगम चुनावों में मुख्य टक्कर भाजपा और कांग्रेस में होगी। लेकिन इस चुनाव में कांग्रेस तीसरे नंबर पर आ गई और आम आदमी पार्टी को दूसरे नंबर पर संतोष करना पड़ा। वैसे कांग्रेस के लिए एक लाभ की बात यह रही कि पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी का वोट प्रतिशत 9 था, वह एमसीडी चुनाव में बढ़कर 22 प्रतिशत हो गया है। शायद इसी का ईनाम माकन को मिला।
माकन ने चुनावों में हार का जिम्मा लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उसका कारण यह था कि पार्टी की हार तो हुई ही थी, उनके खिलाफ पार्टी में ही कई बड़े-छोटे नेता मोर्चाबंदी करने लगे थे। आरोप यह भी है कि यही नेता अगर निगम चुनाव के दौरान इस्तीफा नहीं देते या मन से प्रचार करते तो कांग्रेस को इस तरह से हार का सामना नहीं करना पड़ता। विरोधियों के आरोपों से बचने के लिए माकन ने इस्तीफा तो दिया लेकिन हाईकमान ने उन पर विश्वास बनाए रखा और उन्हें तत्काल प्रभाव से अपना इस्तीफा वापस लेने का आदेश दिया।
बताते हैं कि इस्तीफे को लेकर माकन ने मंगलवार को पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी। उन्होंने ही इस्तीफा नामंजूर कर दिया। माकन का कहना है कि हाईकमान की ओर से उन्हें दिल्ली में कांग्रेस को मजबूत करने को कहा गया है, जिसकी वह आज से ही शुरुआत करने जा रहे हैं। माकन के अनुसार एमसीडी चुनाव में हार के बावजूद दिल्ली के लोगों में कांग्रेस के प्रति विश्वास बढ़ा है। अब हमें इस विश्वास को और मजबूत करना है। यह पूछे जाने पर कि वह फिर से नई पारी शुरू करने जा रहे हैं, उनका कहना है कि पार्टी आलाकमान ने उन पर भरोसा जताया है, इसलिए वह कोई ढील नहीं देने वाले। वह लगातार पार्टी को मजबूत करने की कवायद करते रहेंगे। माना जा रहा है कि माकन पार्टी विरोधियों के खिलाफ भी जल्द ऐक्शन लेंगे।