गुवाहाटी : पूर्वोत्तर के अहम राज्य असम में सत्ता की जंग अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए आज (गुरुवार) छिटपुट हिंसा के बीच मतदान संपन्न हो गया। चुनाव आयोग के मुताबिक, रात 8.00 बजे तक मिली जानकारी के तहत असम में 85.38% मतदान हुआ। असम के इतिहास में यह सबसे ज्यादा मतदान का आंकड़ा है।
चुनाव के दौरान हुई हिंसा में करीब 30 लोगों के घायल होने की भी खबर है। सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। श्रीभूमि जिले के पथारकंडी में कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच हुई झड़प में करीब 25 लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस चुनाव में मुख्य मुकाबला BJP नेतृत्व वाले NDA और कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के बीच माना जा रहा है। इस चुनाव के जरिये जहां BJP लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी कर इतिहास रचने की कोशिश में है, वहीं कांग्रेस एक दशक से जारी सत्ता से दूरी को खत्म करने के इरादे से मैदान में उतरी है।
मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। CRPF सहित केंद्रीय सुरक्षा बलों की व्यापक तैनाती की गई थी। इस बार चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प है, क्योंकि कुल 722 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई, विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया, AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल, रायजोर दल के अखिल गोगोई और AJP के लुरिन ज्योति गोगोई जैसे प्रमुख चेहरे शामिल हैं।
राज्य के 35 जिलों में फैले 31,490 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग हुई। कुल 2.50 करोड़ मतदाताओं में 1.25 करोड़ महिलाएं और 318 थर्ड जेंडर वोटर्स शामिल हैं। खास बात यह है कि 6.42 लाख मतदाता पहली बार वोट डालने के लिए अधिकृत हुए हैं। इसके अलावा 80 वर्ष से अधिक उम्र के 2.5 लाख से ज्यादा वरिष्ठ नागरिक और 2.05 लाख दिव्यांग मतदाता भी लोकतंत्र के इस पर्व में भाग ले सकेंगे।
पार्टीवार उम्मीदवारों की बात करें तो कांग्रेस ने सबसे ज्यादा 99 प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि BJP ने 90 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं। AIUDF 30 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि NDA सहयोगी AGP और BPF क्रमशः 26 और 11 सीटों पर मैदान में हैं। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रीय दलों और 258 निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी मुकाबले को बहुकोणीय बना दिया है। उल्लेखनीय है कि इस बार के चुनाव में 59 महिला उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। कांग्रेस ने 14 और BJP ने 7 महिलाओं को टिकट दिया है।
हॉट सीट्स की बात करें तो जालुकबारी सीट पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का मुकाबला कांग्रेस की बिदिशा नियोग से है। जोरहाट में गौरव गोगोई पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उनका सामना BJP के हितेंद्रनाथ गोस्वामी से है। वहीं बिनाकांडी सीट पर बदरुद्दीन अजमल के सामने AGP और AJP के उम्मीदवार चुनौती पेश कर रहे हैं।
अब सबकी नजरें मतदान प्रतिशत और आगामी 4 मई को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं, जो यह तय करेंगे कि असम में सत्ता की कमान किसके हाथ में जाएगी। बीजेपी नीत एनडीए सत्ता की हैट्रिक लगाती है या फिर एक दशक बाद कांग्रेस गठबंधन की सत्ता में वापसी होती है।




