Tamil Nadu Assembly Election Results 2026: 108 सीटें जीतकर विजय बने तमिल राजनीति के नए सुपरस्टार

चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में इस बार जनता ने ऐसा ट्विस्ट दिया है, जिसकी पटकथा शायद खुद फिल्मी दुनिया भी नहीं लिख पाती। बड़े पर्दे के ‘थलापति’ अब सत्ता के दरवाजे तक पहुंच चुके हैं। अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कड़गम (TVK) ने 2026 के विधानसभा चुनाव में 234 में से 108 सीटें जीतकर तमिल राजनीति की दशकों पुरानी पटकथा बदल दी है। एमके स्टालिन की DMK 59 सीटों पर सिमट गई, जबकि AIADMK को 47 सीटें मिलीं। भाजपा सिर्फ एक सीट पर जीत दर्ज कर सकी।

हालांकि फिल्म में इंटरवल होना अभी बाकी है। टीवीके को बहुमत के लिए चाहिए 118 सीटें, लेकिन विजय की पार्टी फिलहाल 107 पर आकर ठहर सकती है, क्योंकि खुद विजय दो सीटों से चुनाव जीते हैं और उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। यानी सत्ता की कुर्सी अब भी 11 विधायकों की दूरी पर खड़ी है।

राजनीति में क्लाइमेक्स कभी अकेले नहीं आता। विजय के लिए सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि कांग्रेस के 5 विधायकों ने TVK को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। यानी सत्ता का आंकड़ा अब 112 तक पहुंच चुका है। अब सवाल यह है कि बाकी 6 विधायक कहां से आएंगे?

तमिलनाडु में अब रिसॉर्ट पॉलिटिक्स शुरू हो गया है। निर्दलीयों की डिमांड और बैकडोर डायलॉग शुरू हो चुका है। चेन्नई के राजनीतिक गलियारों में कहा जा रहा है कि आने वाले कुछ दिन किसी वेब सीरीज के फाइनल एपिसोड से कम नहीं होंगे।

विजय ने चुनाव प्रचार के दौरान खुद को सिर्फ अभिनेता नहीं, बल्कि “सिस्टम बदलने वाले नेता” के रूप में पेश किया। युवाओं, पहली बार वोट देने वालों और शहरी मध्यम वर्ग में उनकी जबरदस्त पकड़ देखने को मिली। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि TVK ने वही किया जो कभी एमजीआर और जयललिता ने किया था- सिनेमा की लोकप्रियता को सीधे वोट में बदल दिया।

तमिलनाडु की राजनीति दशकों से DMK और AIADMK के इर्द-गिर्द घूमती रही है। लेकिन इस चुनाव ने साफ कर दिया कि जनता अब तीसरे विकल्प को भी गंभीरता से लेने लगी है। TVK की 108 सीटें सिर्फ जीत नहीं, बल्कि तमिल राजनीति के पुराने किलों में सेंध मानी जा रही हैं।

दो सीटों से जीतकर फंसे विजय: राजनीति में एंट्री भी फिल्मी और जीत भी फिल्मी। विजय ने दो सीटों से चुनाव लड़ा और दोनों जगह जीत गए। अब उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। यही वजह है कि TVK की संख्या 108 से घटकर 107 हो जाएगी। तमिलनाडु की राजनीति में इस पर सोशल मीडिया में खूब मीम्स भी चल रहे हैं-“हीरो डबल रोल में जीत गया, लेकिन मुख्यमंत्री एक ही सीट से बनेगा!”

ऐसे में सवाल उठता है कि अब आगे क्या? तमिलनाडु में अब तीन बड़े सवाल हैं- क्या कांग्रेस के बाद और दल TVK के साथ आएंगे? क्या विजय खुद मुख्यमंत्री बन पाएंगे? और सबसे बड़ा सवाल कि क्या तमिलनाडु को अपना अगला सुपरस्टार मुख्यमंत्री मिलने वाला है? फिलहाल इतना तय है कि 2026 का तमिलनाडु चुनाव सिर्फ राजनीतिक मुकाबला नहीं, बल्कि सिनेमा और सत्ता के मेल का सबसे बड़ा शो बन चुका है। और इस शो का हीरो फिलहाल एक ही है- थलापति विजय

नतीजों की सटीक जानकारी के लिए चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट results.eci.gov.in पर भी क्लिक कर सकते हैं।

Previous articleAssam Assembly Election Results 2026: असम में बीजेपी नीत एनडीए की प्रचंड जीत
Next articleWest Bengal Assembly Election Results 2026: बंगाल में भी खिल गया कमल
सत्ता विमर्श डेस्क
सत्ता विमर्श (Satta Vimarsh) नाम ही हमारी पहचान है। हमारा मानना है कि सब कुछ सत्ता के इर्द-गिर्द तय होता है, सरकार भी और सरोकार भी। लेकिन, इस सत्ता में हमारी-आपकी भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी सत्ता में बैठे लोगों की। इसीलिए सत्ता और सरोकार से जुड़े मुद्दों पर विमर्श जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here