Tuesday, November 24, 2026
Home Others सुरक्षा का नया मोर्चा : AI से अपराध नियंत्रण और आपदा प्रबंधन...

सुरक्षा का नया मोर्चा : AI से अपराध नियंत्रण और आपदा प्रबंधन की तैयारी

आईआईएसएसएम के 36वें वार्षिक कॉन्क्लेव में विशेषज्ञों ने अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और सड़क हादसों की रोकथाम के लिए एआई आधारित एकीकृत व्यवस्था अपनाने की जरूरत बताई।

नई दिल्ली। बदलती तकनीक के साथ सुरक्षा का दायरा भी तेजी से बदल रहा है। अब सुरक्षा का मतलब केवल सीमाओं, इमारतों और लोगों की भौतिक सुरक्षा तक सीमित नहीं रह गया है। साइबर हमले, डिजिटल ढांचे पर खतरे, अपराध के नए तरीके और आपदाओं के दौरान तकनीकी व्यवस्थाओं की विश्वसनीयता भी बड़ी चुनौती बनकर सामने आ रही है। ऐसे में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित एकीकृत सुरक्षा व्यवस्था समय की जरूरत बनती जा रही है। सुरक्षा क्षेत्र के विशेषज्ञों ने यह बात इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटी एंड सेफ्टी मैनेजमेंट (आईआईएसएसएम) के 36वें वार्षिक कॉन्क्लेव में कही।

इंडियन पुलिस फाउंडेशन के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि आज सुरक्षा की परिभाषा बदल चुकी है। अपराध की रोकथाम, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए एआई तकनीक का इस्तेमाल जरूरी होता जा रहा है। हालांकि, इस तकनीक का इस्तेमाल केवल सुरक्षा एजेंसियां ही नहीं, बल्कि अपराधी भी कर रहे हैं। इससे चुनौतियां और जटिल हो गई हैं।

उन्होंने साइबर हमलों के बढ़ते खतरे की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि पुलिस, अग्निशमन सेवाओं, अस्पतालों, पावर ग्रिड और डेटा सेंटर जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों के डिजिटल ढांचे पर हमले हो रहे हैं। ऐसी स्थिति में किसी आपदा के दौरान यदि नियंत्रण कक्ष ही साइबर हमले का शिकार हो जाए तो राहत और बचाव कार्य बुरी तरह प्रभावित हो सकते हैं। इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को केवल घटना के बाद प्रतिक्रिया देने तक सीमित रखने के बजाय संभावित खतरों की पहले से पहचान करने और उनसे निपटने में सक्षम बनाना होगा। उन्होंने प्रतिक्रियात्मक सुरक्षा व्यवस्था से पूर्वानुमान आधारित सुरक्षा प्रणाली की ओर बढ़ने पर जोर दिया।

आईआईएसएसएम फाउंडेशन के अध्यक्ष उदय सिंह ने कहा कि भोजन, पानी और आश्रय जैसी बुनियादी जरूरतों के बाद सुरक्षा मनुष्य की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकताओं में शामिल है। भारत में 80 लाख से अधिक लोग निजी सुरक्षा क्षेत्र में कार्यरत हैं। ऐसे में यह उद्योग देश की सुरक्षा व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। उनके मुताबिक निजी सुरक्षा उद्योग इस समय बड़े तकनीकी बदलाव के दौर से गुजर रहा है।

उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंटेलिजेंट वीडियो एनालिटिक्स, स्वचालित खतरा पहचान प्रणाली, डिजिटल भर्ती प्लेटफॉर्म, रिमोट मॉनिटरिंग और एकीकृत कमांड सेंटर जैसी तकनीकें सुरक्षा प्रबंधन की पारंपरिक कार्यप्रणाली को बदल रही हैं। इन तकनीकों के इस्तेमाल से सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाया जा सकता है। आने वाले समय में निजी सुरक्षा क्षेत्र को भी इन बदलावों के अनुरूप खुद को तैयार करना होगा।

कॉन्क्लेव में सड़क सुरक्षा का सवाल भी प्रमुखता से उठा। इंस्टीट्यूट ऑफ रोड एंड ट्रैफिक एजुकेशन (आईआरटीई) के संस्थापक अध्यक्ष और सड़क सुरक्षा विशेषज्ञ डॉ. रोहित बालूजा ने कहा कि भारत में हर साल तीन लाख से अधिक लोगों की जान सड़क हादसों में चली जाती है। यह स्थिति सड़क सुरक्षा के लिए तकनीक आधारित प्रभावी उपायों की जरूरत को रेखांकित करती है। उन्होंने एआई आधारित स्पीड मॉनिटरिंग और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान जैसी तकनीकों के इस्तेमाल पर जोर दिया। उनके अनुसार इन तकनीकों के माध्यम से सड़क हादसों की आशंका वाले स्थानों की पहचान कर समय रहते सुधारात्मक कदम उठाए जा सकते हैं।

कार्यक्रम में आईआईएसएसएम के सीईओ प्रो. संतोष कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने संस्थान के संस्थापक डॉ. आरके सिन्हा को याद करते हुए कहा कि उनकी दूरदृष्टि और प्रयासों ने आईआईएसएसएम को सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में एक अग्रणी संस्थान के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह को उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी डॉ. विक्रम सिंह, डॉ. ओंकार शर्मा, पूर्व आईएएस एसके शर्मा, सिक्योरिटी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष जीएस चौहान और विनोद सिंह सहित कई विषय विशेषज्ञों ने भी संबोधित किया।

कॉन्क्लेव में सामने आए विचारों से स्पष्ट है कि सुरक्षा का भविष्य अब केवल संसाधनों और पारंपरिक निगरानी व्यवस्था पर निर्भर नहीं रहेगा। अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और सड़क सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में तकनीक की भूमिका लगातार बढ़ेगी। हालांकि, एआई आधारित व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए तकनीकी क्षमता के साथ संस्थागत समन्वय, प्रशिक्षित मानव संसाधन और डिजिटल प्रणालियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी होगा।

Previous articleCOP31 SUMMIT : जलवायु संकट पर बंटी दुनिया, विकसित देशों की जवाबदेही पर भारत ने उठाए सवाल
सत्ता विमर्श डेस्क
सत्ता विमर्श (Satta Vimarsh) नाम ही हमारी पहचान है। हमारा मानना है कि सब कुछ सत्ता के इर्द-गिर्द तय होता है, सरकार भी और सरोकार भी। लेकिन, इस सत्ता में हमारी-आपकी भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी सत्ता में बैठे लोगों की। इसीलिए सत्ता और सरोकार से जुड़े मुद्दों पर विमर्श जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here