नई दिल्ली : 18वीं लोकसभा का पहला शीतकालीन सत्र 25 नवंबर से शुरू होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह सत्र 20 दिसंबर 2024 तक चलेगा। इसमें वन नेशन-वन इलेक्शन और वक्फ बोर्ड विधेयक समेत कई बिल पेश होने के आसार हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का प्रस्ताव भी पास किया जा सकता है।
माना जा रहा है कि शीतकालीन सत्र काफी हंगामेदार रहेगा। दरअसल, विपक्षी दल वन नेशन-वन इलेक्शन का विरोध कर रहे हैं और देश में एक साथ चुनाव के पक्ष में नहीं हैं। दूसरी तरफ सरकार इस बिल पर अपना रुख पहले ही स्पष्ट कर चुकी है। लिहाजा इस बिल के विरोध में विपक्षी दल सदन में हंगामा कर सकते हैं।
इस बीच खबर यह भी है कि संसद का संयुक्त सत्र 26 नवंबर को संविधान की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर संसद भवन के सेंट्रल हॉल में आयोजित किया जा सकता है।
इससे पहले 18वीं लोकसभा का पहला मानसून सत्र 22 जुलाई से 9 अगस्त तक चला था। इस दौरान कुल 15 बैठकें हुईं थी जो लगभग 115 घंटे तक चली थीं। इन कार्य दिवसों में 12 विधेयक पेश किए गए थे जिनमें से 4 विधेयक पारित हुए थे।
पारित होने वाले विधेयकों में वित्त विधेयक 2024, विनियोग विधेयक 2024, जम्मू और कश्मीर विनियोग विधेयक 2024 और भारतीय विधेयक शामिल थे। सत्र के दौरान सदन की प्रोडक्टिविटी 136 प्रतिशत रही।




