लखनऊ/कानपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी के काले कारनामों पर खूब गरजे। कानपुर में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा- ”समाजवादी पार्टी के कारनामों से हर कोई परिचित है। पन्नों को उलटेंगे तो काले कारनामों से इनका इतिहास भरा है। समाजवादी पार्टी की टोपी लाल, लेकिन कारनामे काले हैं। ये लोग इतिहास की पुनरावृत्ति कर रहे हैं। गुंडागर्दी, अराजकता, बेटी-व्यापारी की सुरक्षा पर खतरा पैदा करना इनकी पहचान थी। इनका दिखाने वाला चेहरा अलग और असली चेहरा अलग है।”
सीएम योगी ने कहा कि सपा वाले गरीबों की संपत्ति पर कब्जा करते हैं और दंगे भड़काते हैं। यहां उस दिन दंगे भड़काने की साजिश हो रही थी, जब इसी माटी के सपूत राष्ट्रपति कानपुर आए थे, तब सीसामऊ का सपा विधायक सीसामऊ व कानपुर को दंगे की आग में झोंकने की साजिश कर रहा था। अब वह अपने कृत्यों की सजा भुगत रहा है। जनता-जनार्दन ने जनादेश पांच वर्ष के लिए दिया, लेकिन अब उपचुनाव झेलना पड़ रहा है। जब भी मौका मिलता है तो सपा अराजकता की मंशा को जाया नहीं होने देती।
अपनी सरकार की तारीफ करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार सुरक्षा, सुशासन व विकास का मॉडल दिया है। आपका वर्तमान उज्ज्वल और भविष्य की नई आकांक्षा के साथ आगे बढ़े। इस विश्वास के साथ डबल इंजन सरकार प्रदेश में कार्य कर रही है। 2017 के पहले के उत्तर प्रदेश पहचान के लिए मोहताज था। अराजकता-गुंडागर्दी यूपी की पहचान बन चुकी थी। त्योहारों के पहले दंगे होते थे। बेटी-व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। प्रदेश में कोई आना नहीं चाहता था, नौजवान यूपी के बाहर जाता था तो उसके सामने पहचान का संकट था। पीएम मोदी के आह्वान पर जनता ने 2017 में प्रदेश में भाजपा को जनादेश दिया। साढ़े सात वर्ष में प्रदेश ने लंबी दूरी तय की। विकास, सुशासन, कानून व्यवस्था का मॉडल अब उत्तर प्रदेश तय करता है।
सीएम योगी ने कहा कि हमारी सरकार दो वर्ष के अंदर दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने जा रही है। 60,200 से अधिक नौजवानों के लिए पुलिस भर्ती की प्रक्रिया जारी है। दो वर्ष के अंदर यूपी पुलिस में एक लाख नौजवानों की भर्ती होने जा रही है। इन भर्तियों में 20 फीसदी बेटियों को रखा जाएगा ताकि सपा से जुड़े शोहदों की गुंडागर्दी का उपचार बेटियां सड़कों पर करेंगी।
सीएम योगी ने कहा कि निवेश के प्रस्तावों से एक करोड़ से अधिक नौजवानों को नौकरी देने जा रहे हैं। 50 लाख नौजवानों को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी, पीएम स्वनिधि, पीएम विश्वकर्मा, मुख्यमंत्री विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना से स्वतः रोजगार की योजना से जोड़ रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में नए उद्यम लगाकर रोजगार सृजन की कार्यवाही को बढ़ाया है। लखनऊ-कानपुर के मध्य ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस विकास की रफ्तार को तेज करने जा रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ को कानपुर व लखनऊ के बीच से होते हुए प्रयागराज तक जोड़ने जा रहा है। डिफेंस मैन्युफेक्चरिंग कॉरिडोर विकास का आधार बनने जा रहा है। एक तरफ भाजपा विकास, सुशासन व सुरक्षा का मॉडल दे रही है तो दूसरी तरफ कांग्रेस से मिलकर सपा गुंडागर्दी, अराजकता, व्यापारी के सम्मान व बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही है। इसलिए आने वाले समय में सपा और कांग्रेस को रोकना होगा।




