30 दिन जेल में रहे तो PM, CM या मंत्री पद खत्म!

130वें संविधान संशोधन विधेयक पर जेपीसी 17 जुलाई को रिपोर्ट पेश कर सकती है। इसमें प्रस्ताव है कि गंभीर अपराध में 30 दिन तक जेल में रहने पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या मंत्री का पद स्वतः समाप्त हो जाए। सवाल यह है कि क्या यह राजनीतिक शुचिता का नया अध्याय होगा या लोकतंत्र में एक खतरनाक मिसाल?

भारतीय लोकतंत्र में एक ऐसा संवैधानिक बदलाव दस्तक दे रहा है, जो आने वाले वर्षों में राजनीति का चरित्र बदल सकता है। प्रस्ताव यह है कि यदि कोई प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या मंत्री ऐसे अपराध में गिरफ्तार होता है, जिसकी अधिकतम सजा पांच वर्ष या उससे अधिक है, और वह लगातार 30 दिन तक न्यायिक हिरासत में रहता है, तो उसका पद स्वतः समाप्त हो जाएगा।

इसी प्रस्ताव को लेकर लाया गया संविधान (130वां संशोधन) विधेयक अब अपने निर्णायक पड़ाव पर पहुंच चुका है। इस विधेयक की जांच कर रही संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) इसी महीने 17 जुलाई को अपनी रिपोर्ट को मंजूरी दे सकती है। इसके बाद सरकार इसे संसद के मानसून सत्र में पारित कराने की तैयारी करेगी।

पहली नजर में तो यह विधेयक राजनीति में जवाबदेही बढ़ाने वाला जरूर दिखाई देता है। आम धारणा यही है कि यदि कोई मंत्री गंभीर अपराध में जेल में है तो उसे सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं होना चाहिए। लेकिन संवैधानिक विशेषज्ञों का दूसरा पक्ष भी उतना ही अहम है। उनका कहना है कि भारतीय न्याय व्यवस्था का मूल सिद्धांत है कि जब तक अदालत दोष सिद्ध न कर दे, तब तक कोई भी व्यक्ति निर्दोष माना जाता है। ऐसे में केवल गिरफ्तारी और 30 दिन की हिरासत के आधार पर किसी निर्वाचित मंत्री का पद समाप्त करना क्या इस सिद्धांत के विपरीत नहीं होगा? यही सवाल विपक्ष लगातार उठा रहा है।

इंडिया ब्लॉक के कई दलों ने शुरुआत से ही इस विधेयक का विरोध किया है। उनका तर्क है कि यदि किसी सरकार के पास जांच एजेंसियों पर प्रभाव हो तो वह राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराकर उन्हें 30 दिन तक हिरासत में रख सकती है। ऐसी स्थिति में अदालत से दोष सिद्ध होने से पहले ही मंत्री पद समाप्त हो जाएगा। विपक्ष का कहना है कि यह संघीय ढांचे और प्राकृतिक न्याय दोनों पर चोट है। खासकर उन राज्यों में, जहां केंद्र और राज्य की अलग-अलग सरकारें हैं, यह कानून राजनीतिक संघर्ष का नया हथियार बन सकता है।

दूसरी तरफ सरकार और सत्ता पक्ष का कहना है कि प्रस्तावित कानून किसी व्यक्ति को बिना अवसर दिए दंडित नहीं करता। जेपीसी में सत्ता पक्ष के सदस्यों ने दलील दी कि यदि कोई व्यक्ति 30 दिनों तक हिरासत में रहता है तो उसके पास कम-से-कम तीन बार जमानत के लिए अदालत जाने का अवसर होता है। यदि इसके बावजूद उसे राहत नहीं मिलती है तो यह स्थिति साधारण नहीं मानी जा सकती। सरकार का मानना है कि सार्वजनिक जीवन में बैठे लोगों के लिए जवाबदेही का स्तर सामान्य नागरिकों से अधिक होना चाहिए।

दिलचस्प बात यह है कि सिर्फ विपक्ष ही नहीं, बल्कि समिति के कई सदस्यों ने भी इस कानून के संभावित दुरुपयोग पर चिंता जताई है। सत्ता विमर्श के खबरी लाल की मानें तो जेपीसी अपनी रिपोर्ट में यह सिफारिश कर सकती है कि कानून में ऐसे सुरक्षा प्रावधान जोड़े जाएं, जिससे राजनीतिक प्रतिशोध के लिए इसका इस्तेमाल न हो सके। साथ ही यह भी सुझाव दिया जा सकता है कि कानून हर प्रकार के अपराध पर लागू न होकर केवल बेहद गंभीर अपराधों तक सीमित रहे। यानी समिति कानून के मूल उद्देश्य को बरकरार रखते हुए उसमें संतुलन लाने की कोशिश कर रही है।

भारतीय संविधान में मंत्री पद छोड़ने की कई परिस्थितियां पहले से मौजूद हैं, लेकिन केवल गिरफ्तारी या हिरासत के आधार पर स्वतः पद समाप्त होने का प्रावधान अब तक नहीं रहा है। यदि यह संशोधन पारित हो जाता है तो भारतीय संवैधानिक व्यवस्था में यह एक बड़ा बदलाव होगा। इससे राजनीतिक जवाबदेही तो बढ़ सकती है, लेकिन साथ ही यह बहस भी तेज होगी कि क्या गिरफ्तारी को ही दोष सिद्धि के बराबर मान लिया गया है।

फिलहाल, जेपीसी की रिपोर्ट 17 जुलाई 2026 को आने की संभावना है और सरकार मानसून सत्र में इसे पारित कराने की तैयारी कर रही है। विपक्ष के सदस्य असहमति नोट (Dissent Note) देने की तैयारी में हैं। ऐसे में यह विधेयक केवल कानूनी संशोधन नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र में जवाबदेही बनाम प्राकृतिक न्याय की बहस का नया अध्याय बनता दिख रहा है। लिहाजा संसद में होने वाली चर्चा ही तय करेगी कि देश राजनीतिक शुचिता की दिशा में नया कदम बढ़ाता है या फिर इस कानून में ऐसे बदलाव किए जाते हैं, जो जवाबदेही और न्याय दोनों के बीच संतुलन बना सकें।

Previous articleगुवाहाटी हाईकोर्ट का बड़ा फैसला! कहा- वोटर आईडी, आधार या बिजली बिल से जमीन आपकी नहीं हो जाती
Next articleअनुपम मिश्रा बने हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के नए CMD, रणनीतिक नेतृत्व से कंपनी को मिलेगी नई दिशा
प्रवीण कुमार
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव रखता हूं। राष्ट्रीय और क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों के साथ काम करते हुए सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विषयों पर निरंतर लेखन करता आ रहा हूं। फिलहाल भारत सरकार से मान्यता प्राप्त स्वतंत्र पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं और डिजिटल मीडिया कंसल्टेंसी से भी जुड़ा हूं। बुद्ध, गांधी, विवेकानंद और भगवत गीता के विचार मेरे लेखन और जीवन-दृष्टि को दिशा देते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here