नई दिल्ली। भारतीय निर्वाचन आयोग ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव 2025 की तारीख का ऐलान कर दिया है। दिल्ली के विज्ञान भवन में मंगलवार को आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए अगले महीने यानि 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे और 8 फरवरी को वोटों की गिनती कर नतीजों की घोषणा कर दी जाएगी। मालूम हो कि 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल आगामी 23 फरवरी 2025 को समाप्त होने जा रहा है। 2020 में 6 जनवरी को चुनाव तारीख का ऐलान किया गया था। 8 फरवरी को वोटिंग के बाद 11 फरवरी को वोटों की गिनती की गई थी।
चुनाव की घोषणा के बाद दिल्ली में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। दिल्ली में इस बार 13 हजार से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस बार 2 लाख 8 हजार नए वोटर जुड़े हैं। दिव्यांग और बुजुर्ग वोटरों के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। 6 जनवरी 2025 को चुनाव आयोग ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटरों की फाइनल लिस्ट जारी की थी। आयोग ने अपने बयान में बताया था कि दिल्ली में कुल 1 करोड़ 55 लाख 24 हजार 858 मतदाता रजिस्टर्ड हैं। इसके अलावा, इनमें से 84 लाख 49 हजार 645 पुरुष मतदाता हैं, जबकि 71 लाख 73 हजार 952 महिला मतदाता हैं।
इससे पहले मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोपों पर 30 मिनट तक फैक्ट्स के साथ सफाई दी। उन्होंने कहा कि चुनाव में वोटर्स बढ़ाने, खास वर्ग को टारगेट करने के आरोप गलत हैं। चुनावी प्रक्रिया को खत्म करने में वक्त लगता है। यह सब एक तय प्रोटोकॉल के तहत होता है।
राजधानी दिल्ली में पांच साल पहले 2020 के विधानसभा चुनाव के तहत 8 फरवरी को वोटिंग कराई गई थी जबकि वोटों की गिनती 11 फरवरी को हुई थी। तब के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे और 62 सीटों पर जीत हासिल की थी। बीजेपी ने 67 सीटों पर उम्मीदवार उतारे और उसे 8 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। कांग्रेस पार्टी लगातार दूसरी बार अपना खाता नहीं खोल सकी थी।
साल 2015 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो इस चुनाव में भी अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने प्रचंड बहुमत हासिल किया था। 2012 में गठित आप को 70 में से रिकॉर्ड 67 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। बीजेपी को सिर्फ 3 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि कांग्रेस और अन्य दल अपना खाता नहीं खोल सके थे। इससे पहले साल 2014 से अब तक हुए तीन लोकसभा चुनावों में बीजेपी ने दिल्ली में अपना दबदबा बनाए रखा है और सभी सात सीटों पर कब्जा बरकरार है।




